ज़हरीले कोबरा के डसने से किशोरी की मौत
ब्यूरो प्रमुख -फिरोज अहमद सिद्धार्थनगर उत्तर प्रदेश
सिद्धार्थनगर बढ़नी– : ढेबरुआ थाना क्षेत्र के बढ़नी कस्बे में शनिवार देर रात सर्पदंश की एक दर्दनाक घटना में 16 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। किशोरी की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, सर्पदंश की खबर सुनते ही आस पास के लोगों में भय का माहोल सा बन गया।ओर इस खबर की भनक लगते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बढ़नी कस्बे के वार्ड नंबर सात कल्लनडिहवा निवासी पूर्व सभासद एवं भाजपा नेता ध्रुव चतुर्वेदी के परिवार के सदस्य गर्मी के कारण घर की छत पर सो रहे थे। शनिवार रात करीब डेढ़ बजे उनकी पौत्री अनामिका (16) पुत्री संजय चतुर्वेदी छत पर जाने के लिए सीढ़ियों से ऊपर जा रही थी। अंधेरा होने के कारण वह सीढ़ी पर बैठे कोबरा सांप को नहीं देख सकी। सांप के ऊपर पैर पड़ने से अचानक सांप ने डस लिया।
सांप काटने के बाद तेज आवाज में चीखने पर परिजन आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे। लाइट जलाने पर सीढ़ी पर कोबरा सांप बैठा दिखाई दिया। इसके बाद परिजन आनन-फानन में किशोरी को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बढ़नी लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने तत्काल उपचार शुरू किया।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बढ़नी के चिकित्सक डॉ. प्रदीप वर्मा से फोन के माध्यम से पता करने की कोशिश की तो उन्होंने बताया कि किशोरी को एंटी स्नेक वेनम (ASV) इंजेक्शन लगाया गया तथा आवश्यक प्राथमिक उपचार दिया गया। हालत गंभीर होने के कारण उसे तत्काल माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
परिजन उसे लेकर मेडिकल कॉलेज जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही रात करीब तीन बजे उसकी मौत हो गई।इस घटना से पूरे क्षेत्र में ग़म का माहोल है

