सिद्धार्थनगर को मिला करोड़ो की सौगात, 107 परियोजनाओं का सीएम योगी ने किया शिलान्यास
ब्यूरो प्रमुख -फिरोज अहमद सिद्धार्थनगर उत्तर प्रदेश
सिद्धार्थनगर- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को रतन सेन इंटर कॉलेज बांसी में आयोजित कार्यक्रम में बांसी और डुमरियागंज विधानसभा क्षेत्रों की 311 करोड़ रुपये की लागत वाली 107 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र एवं प्रमाण पत्र वितरित किए तथा विभागों की ओर से लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। बच्चों का अन्नप्राशन कराने के साथ ही जनपद के विकास पर आधारित लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई। सिद्धार्थनगर विकास के पथ पर अग्रसर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सिद्धार्थनगर ऐतिहासिक और आध्यात्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण जनपद है। सिद्धार्थ के गौतम बुद्ध बनने के कारण इस जनपद का नाम सिद्धार्थनगर पड़ा। करीब 2500 वर्ष पूर्व यह क्षेत्र अपने वैभव के लिए विश्वविख्यात था, लेकिन लंबे समय तक विकास में पिछड़ा रहा। अब सिद्धार्थनगर आकांक्षी जनपद से अग्रणी जनपद बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। नीति आयोग के आकांक्षी जनपद कार्यक्रम में बेहतर प्रदर्शन के लिए जिले को पुरस्कार राशि भी प्राप्त हुई है। काकोरी के क्रांतिकारियों को किया नमन: मुख्यमंत्री ने काकोरी ट्रेन एक्शन का उल्लेख करते हुए कहा कि 9 अगस्त 1925 को स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों ने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने का संकल्प लिया था। उनके बलिदान और संघर्ष को देश हमेशा याद रखेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले वर्षों में भारत की वैश्विक पहचान मजबूत हुई है। आज भारत दुनिया के सामने मजबूती से अपनी बात रख रहा है और निवेश के लिए बेहतर गंतव्य बनकर उभरा है। युवाओं को मिल रहे रोजगार और प्रशिक्षण के अवसर: मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में युवाओं को मुख्यमंत्री अभ्युदय कोचिंग योजना के माध्यम से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जा रही है। इन केंद्रों पर जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, डॉक्टर, इंजीनियर, बैंक पीओ सहित विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ युवाओं को मार्गदर्शन देंगे। आईटीआई में युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की जानकारी भी दी जा रही है। काला नमक चावल को मिलेगी वैश्विक पहचान: मुख्यमंत्री ने सिद्धार्थनगर के काला नमक चावल को जिले की विशिष्ट पहचान बताते हुए कहा कि इसे एक जनपद एक उत्पाद योजना में शामिल किया गया है। इसकी ब्रांडिंग और पैकेजिंग पर कार्य किया जा रहा है। कपिलवस्तु में कॉमन फैसिलिटी सेंटर को भी स्वीकृति दी गई है। उन्होंने कहा कि माधव प्रसाद त्रिपाठी के नाम पर जनपद में मेडिकल कॉलेज का निर्माण होने से स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूती मिली है। बिना भेदभाव मिल रहा योजनाओं का लाभ: मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है। बेटियां और व्यापारी सुरक्षित हैं। पात्र लाभार्थियों को बिना किसी भेदभाव के सरकारी योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। उज्ज्वला योजना के तहत निशुल्क गैस कनेक्शन, निशुल्क राशन और गरीबों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। 18 हजार हेक्टेयर में काला नमक की खेती: सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सिद्धार्थनगर आकांक्षी जनपद से अग्रणी जनपद की ओर बढ़ रहा है। काला नमक चावल को ओडीओपी में शामिल किए जाने से किसानों को लाभ मिल रहा है। जिले में करीब 18 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में काला नमक चावल की खेती हो रही है और करीब 40 हजार किसान इससे जुड़े हैं। उन्होंने नई रेल लाइन के निर्माण सहित क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा: विधायक बांसी जय प्रताप सिंह ने कहा कि रतन सेन इंटर कॉलेज की नींव वर्ष 1915 में रखी गई थी। यह विद्यालय क्षेत्र की ऐतिहासिक धरोहर है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। कार्यक्रम में विधायक कपिलवस्तु श्याम धनी राही, विधायक शोहरतगढ़ विनय वर्मा, विधान परिषद सदस्य ध्रुव कुमार त्रिपाठी एवं सुभाष यदुवंश, जिला पंचायत प्रशासक शीतल सिंह, पूर्व विधायक डॉ. सतीश द्विवेदी, पूर्व विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्या, आयुक्त बस्ती मंडल वैभव श्रीवास्तव, डीआईजी संजीव त्यागी, जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन, पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन समेत जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं भारी संख्या में लोग मौजूद रहे।

