विधायक विनय वर्मा के प्रयास से रोशनी में बढ़ोत्तरी
ऊर्जा मंत्री ए.के शर्मा से मिलकर दो नये विद्युत उपकेंद्रो की मिली स्वीकृति
ब्यूरो प्रमुख -फिरोज अहमद सिद्धार्थनगर उत्तर प्रदेश
सिद्धार्थनगर (बढ़नी)- शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति में सुधार के लिए दो नए विद्युत उपकेंद्रों को तत्काल स्वीकृति मिल गई है। विधायक विनय वर्मा की मांग पर ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने ढेबरूआ में 132 केवी और तुलसियापुर में 33 केवी के नए सब-स्टेशन स्थापित करने की मंजूरी दी। मंत्री ने शीघ्र कार्य शुरू कराने का आश्वासन भी दिया है।
विधायक विनय वर्मा ने 7 अगस्त शुक्रवार को ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा से मुलाकात कर उन्हें क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति से जुड़ी गंभीर समस्याओं से अवगत कराया था। उन्होंने बताया कि वर्तमान में बेलहवा से होने वाली विद्युत आपूर्ति क्षेत्र की जरूरतों के लिए पर्याप्त नहीं है।
बेलहवा की लगभग 40 किलोमीटर की दूरी के कारण किसी भी तकनीकी खराबी या फॉल्ट का असर पूरे नेपाल सीमा क्षेत्र की बिजली आपूर्ति पर पड़ता है। इस समस्या के कारण उपभोक्ताओं को अक्सर बिजली कटौती का सामना करना पड़ता है।
इन समस्याओं को देखते हुए, ऊर्जा मंत्री ने विधायक वर्मा की मांग को गंभीरता से लिया और ढेबरूआ तथा तुलसियापुर में नए उपकेंद्रों को तत्काल मंजूरी दी। इन उपकेंद्रों के निर्माण से क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति की क्षमता बढ़ेगी और फॉल्ट की स्थिति में आपूर्ति व्यवस्था मजबूत होगी।
इससे शोहरतगढ़ के ग्रामीण और शहरी उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिलेगी। विधायक विनय वर्मा ने इस महत्वपूर्ण पहल के लिए ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वे शोहरतगढ़ के विकास और क्षेत्रवासियों की सुविधाओं के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे।
इस अवसर पर विधायक विनय वर्मा के साथ भाजपा गोरखपुर व्यापार प्रकोष्ठ के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष प्रदीप कमलापुरी भी उपस्थित थे।

