आज़मगढ़ महोत्सव 2024: लोक कला, संस्कृति और अद्भुत प्रस्तुतियों का संगम

आजमगढ़ उत्तर प्रदेश दृश्य-श्रव्य राष्ट्रीय समाचार समाचार

संवाददाता- राजेश गुप्ता, आजमगढ़, उत्तर प्रदेश

दिनांक 18 से 22 सितंबर 2024 तक राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज, आज़मगढ़ में आयोजित हो रहे आज़मगढ़ महोत्सव 2024 का तीसरा दिन रंगारंग प्रस्तुतियों और सांस्कृतिक धरोहर के जश्न से सराबोर रहा। विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों के बच्चों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

आज के दिन का आरंभ सेंट जेवियर्स हाई स्कूल, लालगंज के बच्चों के मधुर समूह गायन से हुआ, जिसने पूरे माहौल को संगीतमय कर दिया। इसके बाद पाल्हन देव उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के छात्रों ने अपनी पारंपरिक समूह नृत्य प्रस्तुति से संस्कृति की झलक दिखाई। जनता विद्यालय इंटर कॉलेज, मेंहनाजपुर के बच्चों ने एकांकी नाटक से सामाजिक संदेश दिया, वहीं कूबाजी पी.जी. कॉलेज वेरियापुर के विद्यार्थियों ने भी अपने समूह गायन से समां बांध दिया। इसी क्रम में जयनाथ मेमोरियल महाविद्यालय, हरई रामपुर और कूबा पी.जी. कॉलेज दरियापुर की प्रस्तुतियों ने भी दर्शकों का दिल जीत लिया।

अद्वितीय प्रतिभा के धनी कलाकारों का समूह यहां एक मंच पर आया। महेंद्र शिल्पकार, सोनू यादव, चंद्र प्रताप, राजेश रंजन, अर्चना राज, रवि पांडेय, अमरजीत यादव और अलंकार सिंह जैसे अद्वितीय कलाकारों ने लोक गायन प्रस्तुत किया, जो लोक संस्कृति का उत्कृष्ट उदाहरण था। इसके बाद आडिशन में चयनित शरद गुप्ता, अंबुज कुमार, तपस्या क्रिएटिव स्कूल और रिलिफ इंडिया क्लब द्वारा प्रस्तुत ग्रुप डांस ने दर्शकों में नई ऊर्जा भर दी। सपना बनर्जी और सृष्टि सिंह परिहार ने अपनी आवाज़ से लोकगायन की नई परिभाषा दी। शिवानी मिश्रा ने अपनी नृत्य प्रस्तुति से दर्शकों को रोमांचित कर दिया। महोत्सव की शान बने इंडिया गॉट टैलेंट फेम ब्रदर्स बैंड डांस ग्रुप, जिन्होंने अपने अद्भुत ग्रुप डांस से महोत्सव को ऊंचाई पर पहुंचा दिया। इसके बाद, मशहूर गायक अल्ताफ राजा ने अपनी गज़ल और क़व्वालियों से उपस्थित जनसमूह के दिलों को छू लिया। महोत्सव में समस्त प्रतिभागियों को अंगवस्त्र और मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही, दैनिक लकी ड्रॉ के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया।

आज के इस भव्य कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद न्यायाधीश श्री संजीव शुक्ला जी ने भाग लिया। उनके साथ मुख्य विकास अधिकारी श्री परीक्षित खटाना, अपर जिलाधिकारी श्री राहुल विश्वकर्मा, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व श्री आजाद भगत सिंह, मुख्य राजस्व अधिकारी श्री विनय कुमार गुप्ता और मुख्य कोषाधिकारी श्री अनुराग श्रीवास्तव जैसे गणमान्य अधिकारी उपस्थित रहे।

आज़मगढ़ महोत्सव ने अपनी विविधता, कला और संस्कृति के माध्यम से समाज को जोड़ने और प्राचीन धरोहरों को जीवंत करने का अद्भुत कार्य किया। इस प्रकार के आयोजन न केवल क्षेत्रीय कला को बढ़ावा देते हैं, बल्कि युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का भी कार्य करते हैं।