जद्दूपुर में खूनी संघर्ष 2 की मौत 5 घायल*

समाचार

 

*आला अधिकारियों ने डेरा डाला*

गोरखपुर। झंगहा थाना क्षेत्र के जद्दूपुर गांव में रविवार को निषाद और यादव पक्ष में हुए जमीनी विवाद को लेकर खूनी संघर्ष हो गया। अंधाधुंध फायरिंग कर चाचा-भतीजे की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। एक युवती की हालत गंभीर है, जिसका मेडिकल कालेज में इलाज चल रहा है। घटना की जानकारी होते ही पुलिस के आला अधिकारी डीआईजी गोरखपुर परिक्षेत्र गोरखपुर जे रविंद्र गौड़ पुलिस अधीक्षक उत्तरी मनोज कुमार अवस्थी पुलिस अधीक्षक दक्षिणी अरुण कुमार सिंह सहायक पुलिस अधीक्षक/ क्षेत्राधिकारी बांसगांव राहुल भाटी क्षेत्राधिकारी चौरी चौरा अखिलानंद उपाध्याय सहित अन्य अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचकर एहतियातन गांव में पीएससी व पुलिस तैनात कर घटना में संलिप्त अपराधियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की बात कही। पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। तनाव को देखते हुए गांव में ​एहतियातन पीएसी लगा दी गई है।झंगहा थाना क्षेत्र के जद्दूपुर निवासी मकसूदन निषाद और गांव के ही श्याम यादव में छठ के दिन आर्केस्ट्रा देखने के दौरान मारपीट हुई थी। इसमें श्याम यादव का सिर फट गया। इस मामले में मकसूदन साहनी और पवन साहनी के खिलाफ केस भी दर्ज हुआ था। इसके बाद से ही निषाद पक्ष नाराज हो गया। हालांकि, इससे पहले निषाद और यादव पक्ष में जमीन रंजिश भी चली आ रही थी। रविवार को एक बार फिर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। निषाद समाज के गुलशन व अन्य दर्जनभर लोग लाठी-डंडा व असलहों से लैस होकर यादव पक्ष से भिड़ गए। आरोप है कि इस दौरान निषाद पक्ष की ओर से ताबड़तोड़ गोलियां चलनी शुरू हो गईं। इसमें रामकिशुन यादव (65) और उनके भाई रामायण यादव के बेटे विशाल यादव (20) तथा दीनानाथ की बेटी रिंकी कुमारी (22) को गोली लग गई। विशाल यादव की मौके पर ही मौत हो गई। रामकिशुन यादव और रिंकी को बीआरडी मेडिकल कॉलेज भेजा गया। वहां रामकिशुन को भी मृत घोषित कर दिया गया। रिंकी की हालत गंभीर बनी हुई है। इसके अलावा दयाराम, इन्द्रल, प्रियंका और चन्दकली देवी भी घायल हैं।
विशाल यादव बीए द्वितीय वर्ष का छात्र था। वह दो भाइयों में बड़ा था। बीए के साथ ही वह एसएससी की भी तैयारी कर रहा था। रविवार की शाम में ही विशाल को एसएससी की परीक्षा के लिए लखनऊ जाना था। सोमवार को उसकी परीक्षा थी। मौत के बाद घर में कोहराम मच गया है।
निषाद और यादव पक्ष के बीच विवाद को देखते हुए गांव में भारी संख्या में पुलिस और पीएसी लगा दी गई है। फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण है। उधर, गांव में पहुंचे पुलिस के अधिकारियों ने पीड़ित परिवार से बात की और आरोपितों पर कार्रवाई का भरोसा दिया।
जमीन रंजिश में दो पक्षों में ईंट-पत्थर लाठी-डंडे और गोली चली है। इसमें एक पक्ष के दो लोगों की मौत हो गई है। कुछ लोग घायल हुए हैं। उनका इलाज चल रहा है। आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। एहतियात के तौर पर गांव में फोर्स लगा दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *