धान खरीद को लेकर अपर जिलाधिकारी ने समस्त एसडीएम व क्रय एजेंसियों के साथ की बैठक।
केंद्रों पर खरीद संबंधी समस्त व्यवस्थाएं करें सुनिश्चित।
धान क्रय केंद्रों पर किसानों को ना हो कोई परेशानी…….एडीएम।
अमेठी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ए.के. सिंह ने आज कलेक्ट्रेट सभागार में 01 नवम्बर से प्रारंभ होने वाली धान खरीद को लेकर समस्त एसडीएम व धान क्रय एजेंसियों के साथ बैठक कर आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में सर्वप्रथम अपर जिलाधिकारी द्वारा जनपद में कृषकों के पंजीकरण की समीक्षा की गई, जिस पर जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी ने बताया कि जनपद में अभी तक कुल 8473 कृषकों द्वारा पंजीकरण कराया गया है जिसमें से 5817 कृषकों का ऑनलाइन सत्यापन कराया जा चुका है, शेष 2656 कृषकों का सत्यापन शीघ्र कराए जाने के निर्देश समस्त एसडीएम को दिया, इसके साथ ही जनपद में कुल 52 क्रय केंद्र अनुमोदित किए गए हैं जिसमें विपणन शाखा के 24, पीसीएफ के 17, यूपीएसएस के 04, यूपीपीसीयू के 06, भारतीय खाद्य निगम के 01 क्रय केंद्र हैं। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि जनपद का कुल लक्ष्य 135000 मी. टन निर्धारित है। उन्होंने बताया कि साधारण धान 2040 रुपए प्रति क्विंटल एवं स्टैंडर्ड धान 2060 रुपए प्रति कुंतल है। बैठक में उन्होंने समस्त क्रय केंद्र प्रभारियों को केंद्रों पर कांटा, बाट, चलना, इलेक्ट्रॉनिक पंखा, नमी मापक यंत्र, बोरा, स्टैंसिल, आवश्यक अभिलेख, ई पास मशीन आदि समस्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के साथ ही अधिकारियों को धान क्रय केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने एवं केंद्रों पर आने वाली समस्याओं का तत्काल निवारण कराने को कहा व क्रय केंद्र पर कृषकों हेतु तख्त, दरी पानी एवं अन्य सुविधाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कृषक को बहाना बनाकर लौटाया न जाए, तथा क्रय किए गए धान का भुगतान तीव्रता से कराया जाए। जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने अपर जिलाधिकारी को अवगत कराया कि किसानों की सुविधा के दृष्टिगत जिला खाद्य विपणन अधिकारी कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है जिसका नंबर 8528126280 है जिस पर किसान भाई खरीद संबंधी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं एवं अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। बैठक के दौरान समस्त उप जिलाधिकारी, जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी सहित अन्य क्रय एजेंसियों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
