अनियंत्रित ट्रेलर के घर में घुसने से छात्र समेत कई पशुओं की मौत,घर में मचा-चीख पुकार
ब्यूरो प्रमुख -फिरोज अहमद सिद्धार्थनगर उत्तर प्रदेश
सिद्धार्थनगर (बढ़नी)- जनपद के ढेबरुआ थाना क्षेत्र के रामनगर गांव में बुधवार सुबह इटवा–बढ़नी मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रेलर सड़क किनारे बने एक मकान में घुसकर पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि ट्रेलर दो हिस्सों में बंट गया। हादसे में घर के भीतर मौजूद 20 वर्षीय सूरज यादव, पुत्र राम प्रसाद यादव, निवासी रमनगर की मौके पर ही मौत हो गई। सूरज बरसाती इंटर कॉलेज में कक्षा 11 का छात्र था और अपने छह भाई-बहनों में सबसे छोटा था। इस हादसे से परिवार में कोहराम मच गया।
दुर्घटना में 13 पशुओं की भी मौत हो गई, जिनमें चार गाय और नौ भैंसें शामिल हैं, जबकि छह भैंसें घायल हो गईं, जिनका उपचार कराया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ढेबरुआ थाना प्रभारी दुर्गा प्रसाद पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से ट्रेलर के नीचे दबे लोगों और पशुओं को बाहर निकाला गया।
हादसे में हरीराम (56) पुत्र अवध बिहारी तथा राम आसरे यादव (70) पुत्र भल्लू भी घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
घटनास्थल पर पशु चिकित्सा विभाग एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
इस हृदयविदारक दुर्घटना से पूरे रमनगर गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता तथा पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
