मानव तस्करी के खिलाफ जागरूकता रैली का आयोजन

सिद्धार्थनगर

मानव तस्करी के खिलाफ जागरूकता रैली का आयोजन

 

ब्यूरो प्रमुख -फिरोज अहमद सिद्धार्थनगर उत्तर प्रदेश 

 

सिद्धार्थनगर(बढ़नी)-  30 जुलाई 2026 विश्व मानव तस्करी निषेध दिवस के अवसर पर कवच परियोजना के अंतर्गत मानव संसाधन एवं महिला विकास संस्थान द्वारा सशस्त्र सीमा बल (SSB), पुलिस विभाग एवं गांधी आदर्श विद्यालय इंटर कॉलेज के सहयोग से मानव तस्करी के विरुद्ध जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। यह रैली गांधी आदर्श विद्यालय इंटर कॉलेज, बढ़नी से प्रारंभ होकर सशस्त्र सीमा बल कैम्प, बढ़नी तक निकाली गई, जिसमें विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

 

इस वर्ष की थीम “Trapped Behind the Scam (धोखाधड़ी के जाल में फंसी ज़िंदगी)” के अंतर्गत रैली का मुख्य उद्देश्य समाज को विभिन्न प्रकार के स्कैम जैसे साइबर फ्रॉड, फर्जी नौकरी के प्रस्ताव, शादी का झांसा आदि के माध्यम से होने वाली मानव तस्करी के प्रति जागरूक करना था।

 

रैली के दौरान बच्चों ने प्रभावशाली नारों के माध्यम से बढ़नी बॉर्डर क्षेत्र के लोगों को जागरूक किया, जैसे—

“बिटिया है देश की शान, नहीं है ये तस्करी का सामान”,

“हम सब की है जिम्मेदारी, दूर हो मानव तस्करी की बीमारी”,

“हम सबने ठाना है, मानव तस्करी मिटाना है” आदि।

 

इस अवसर पर मानव संसाधन एवं महिला विकास संस्थान के जिला समन्वयक प्रसून शुक्ला ने बताया कि संस्था द्वारा बढ़नी ब्लॉक के सीमावर्ती क्षेत्रों में मानव तस्करी एवं बाल संरक्षण के मुद्दों पर समुदाय को जागरूक एवं सशक्त बनाने का कार्य किया जा रहा है।

 

कार्यक्रम के अंतर्गत बच्चों ने सशस्त्र सीमा बल कैम्प का भ्रमण भी किया, जहां एसएसबी के सहायक कमांडेंट द्वारा बच्चों को महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए। इसके पश्चात कैम्प में क्रॉस बॉर्डर हितधारकों की एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में सहायक कमांडेंट प्रथम देव ने मानव तस्करी से जुड़े अनुभव साझा करते हुए कहा कि इस समस्या से निपटने के लिए सभी का सामूहिक प्रयास आवश्यक है तथा बाल तस्करी के मामलों में एसएसबी हर संभव सहयोग के लिए तत्पर है।

 

बैठक में नेपाल से आए प्रतिनिधियों—नेपाल पुलिस के एसआई जीवन दीप शर्मा, केआयन नेपाल, पीआरसी नेपाल, सानाहात नेपाल एवं मानव सेवा संस्थान के प्रतिनिधियों ने भी अपने अनुभव साझा किए और नेपाल में मानव तस्करी की स्थिति पर प्रकाश डाला।

 

गांधी आदर्श विद्यालय के प्रधानाचार्य विजय कुमार वर्मा ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर डरने के बजाय उसका सामना करें तथा एसएसबी एवं पुलिस से सहायता प्राप्त करें।

 

कार्यक्रम में एसएसबी 50वीं बटालियन से सहायक कमांडेंट प्रथम देव, बढ़नी चौकी पुलिस, प्रधानाचार्य विजय कुमार वर्मा, एसएसबी के कुलांगे गोबर्धन तथा मानव संसाधन एवं महिला विकास संस्थान से जिला समन्वयक प्रसून शुक्ला, अशोक विश्वकर्मा, ब्लॉक समन्वयक विजय शंकर यादव, काजल श्रीवास्तव, ज्योति सिंह, दिवाकर उपाध्याय सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।