बढ़नी में डिग्री कॉलेज खोलने की मांग तेज, शिक्षा के मुद्दों को लेकर लोगों ने उठाई आवाज
ब्यूरो प्रमुख -फिरोज अहमद सिद्धार्थनगर उत्तर प्रदेश
सिद्धार्थनगर(बढ़नी)- क्षेत्र में उच्च शिक्षा की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और युवाओं के भविष्य को लेकर सोमवार को नेशनल अड्डा रिसर्च कंसल्टेंसी की ओर से बढ़नी सुपर मार्ट में ‘शिक्षा पर विशेष परिचर्चा’ का आयोजन किया गया। इस दौरान बढ़नी क्षेत्र में डिग्री कॉलेज की स्थापना की मांग प्रमुखता से उठाई गई।
परिचर्चा में वक्ताओं ने कहा कि बढ़नी और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए कई बार दूर-दराज के क्षेत्रों में जाना पड़ता है। इससे विद्यार्थियों, विशेषकर छात्राओं को आने-जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में क्षेत्र में डिग्री कॉलेज की स्थापना समय की महत्वपूर्ण जरूरत है। वक्ताओं ने इस मांग को संबंधित जिम्मेदारों तक पहुंचाने और इसके लिए सामूहिक प्रयास करने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डॉ. मसीहुद्दीन खान रहे, जबकि कार्यक्रम का संयोजन इंजीनियर जियाउल हक (नेशनल एडिटर) ने किया। परिचर्चा में शिक्षा की गुणवत्ता, गरीब और वंचित परिवारों के बच्चों की उच्च शिक्षा तक पहुंच, युवाओं का भविष्य तथा ग्रामीण क्षेत्रों में शैक्षिक संसाधनों की उपलब्धता जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई।
कार्यक्रम में एडवोकेट कलीम अहमद, बाबा मोहम्मद इब्राहीम, एडवोकेट शिवम उपाध्याय, सोशल एक्टिविस्ट बदरे आलम, वरिष्ठ पत्रकार सगीर ख़ाकसार, सभासद निज़ाम अहमद, जावेद आलम, मास्टर सलाहुद्दीन, अलाउद्दीन, अबू बकर, अब्दुल कुद्दुस, ओजैर अहमद, अब्दुल हलीम, मास्टर मुस्तफा, एडवोकेट मसरूर आलम, नूर आलम सिद्दीकी, एडवोकेट जमीरुल हक़ सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
इसके अलावा डॉ. मोइन खान, डॉ. आमिर खान और मसूद खान की सहभागिता भी रही।
परिचर्चा के दौरान यह बात प्रमुखता से सामने आई कि शिक्षा किसी भी समाज की तरक्की की बुनियाद है। बढ़नी में डिग्री कॉलेज की स्थापना से क्षेत्र के विद्यार्थियों को अपने घर के आसपास उच्च शिक्षा का अवसर मिल सकता है। इसलिए इस मांग को केवल एक संस्थान की मांग न मानकर क्षेत्र के शैक्षिक और सामाजिक विकास से जोड़कर देखा गया।
कार्यक्रम के अंत में बढ़नी क्षेत्र में डिग्री कॉलेज की स्थापना की मांग को मजबूती से आगे बढ़ाने और शिक्षा के मुद्दे पर निरंतर संवाद बनाए रखने का संदेश दिया गया।

