दूसरे की भूमि बेंचने का झांसा देकर की 22 लाख की ठगी

क्राइम & सुरक्षा गोरखपुर

गिरफ्तार अशोक गोस्वामी ने सेना के अधिकारी को बनाया शिकार

खजनी

बांसगांव दूसरे की जमीन को अपना बताते उसे बेंचने का झांसा देकर सेना के अधिकारी से धोखाधड़ी के जरिये करीब 22 लाख रूपये हड़प लेने वाले एक जालसाज को बांसगांव पुलिस ने वृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया। जबकि इस काम में सहयोगी रहे उसके पुत्र की पुलिस तलाश कर रही है।

बांसगांव थाने में दर्ज मु0अ0सं0 112/2023 धारा 406, 420, 506 के विवेचक एसआई अवनिश कुमार सिंह ने बताया कि बांसगांव थाना क्षेत्र के ग्राम महुवापार निवासी अशोक गोस्वामी पुत्र हरिहर गोस्वामी तथा उसका पुत्र राहुल गोस्वामी क्षेत्र में दूसरों की जमीन को अपना बताकर उसे बेंचने का झांसा देकर लोगों को ठगी का शिकार बनाने का काम करते हैं।

उन्होने बताया कि ग्राम भैंसा बाजार निवासी तथा सेना में कमांडेंट के पद पर कार्यरत विकास नरायन सिंह जमीन की खरीद करना चाह रहे थे। इस बीच उनकी मुलाकत अशोक गोस्वामी तथा उसके पुत्र राहुल से हुई। पिता-पुत्र ने विकास नरायन सिंह को सड़क के किनारे स्थित एक भूखंड को अपना बताते उसे बेंचने की बात कही।

भूमि का लोकेशन विकास नरायन सिंह को पसंद आ गयी। उक्त भूमि का पिता-पुत्र विकास नरायन सिंह से 50 लाख में सौदा तय कर 21 लाख 80 हजार रूपये अग्रिम भुगतान ले लिया। शेष भुगतान बैनामें के दिन देना तय हो गया। कुछ माह बाद जब विकास नरायन सिंह ने भूमि का बैनामा करने के लिए पिता-पुत्र से कहा तो दोनों बहाने बनाते टालमटोल करने लगे।

इस बीच किसी ने विकास नरायन सिंह को बताया कि उक्त भूमि दूसरे की है। पिता-पुत्र इसी तरह का झांसा देते लोगों से ठगी करते रहते हैं। यह सुनते ही विकास नरायन सिंह के होश उड़ गये। उन्होने बांसगांव पुलिस को घटना की तहरीर दी। पुलिस केस दर्ज कर दोनों की तलाश में जुटी थी। अशोक गोस्वामी को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में एसआई अवनिश कुमार सिंह, महिला कांस्टेबल ज्योति वर्मा, कांस्टेबल दीपक यादव शामिल रहे।