संपन्न हुई राष्ट्रीय श्रीराम काव्यपाठ प्रतियोगिता:काजल रहीं अव्वल

अमेठी

ब्यूरो रिपोर्ट – प्रेम कुमार शुक्ल, अमेठी

 

अमेठी | राष्ट्रीय कवि संगम द्वारा अमेठी जनपद के प्रमोद आलोक इण्टरमीडिएट कॉलेज मंगलपुर में जनपद स्तरीय श्रीराम काव्यपाठ प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राष्ट्रीय कवि संगम काशी प्रांत के अध्यक्ष अंजनी अमोघ, प्रमोद आलोक इण्टरमीडिएट कॉलेज की प्राचार्या डॉ. ममता त्रिपाठी तथा विशिष्ट अतिथि समाजसेवी दिनेश तिवारी ने दीप प्रज्ज्वलन तथा माता सरस्वती का पुष्पार्चन करके किया। संगठन से जनपद अमेठी की महामंत्री डॉ. अर्चना ओजस्वी ने सरस्वती वंदना की उसके बाद अतिथियों का माल्यार्पण करके स्वागत किया गया और काव्यपाठ प्रतियोगिता प्रारम्भ हुई। प्रतियोगिता में कुल 101 प्रतिभागियों ने भाग लिया। निर्णायक मंडल के सदस्य रहे केसरी नन्दन, जयराम पाण्डेय राही तथा राजेन्द्र शुक्ल अमरेश ने विजेताओं का चयन किया। प्रतियोगिता में क्रमशः प्रथम, द्वितीय तथा तृतीय स्थान काजल पाण्डेय, मधुकर पाण्डेय तथा सिया गुप्ता को प्राप्त हुआ। विजयी प्रतिभागियों को डॉ. ममता त्रिपाठी तथा राष्ट्रीय कवि संगम अमेठी की टीम ने पुरस्कृत किया। श्रीराम काव्यपाठ प्रतियोगिता के संयोजक अनिरुद्ध मिश्र ने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि उनको उम्मीद ही नहीं विश्वास है कि ये प्रतिभागी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में अमेठी जनपद का मान बढ़ाएंगे। काशी प्रांत तथा अमेठी जनपद के सोशल मीडिया प्रमुख अभिजित त्रिपाठी के गीत राम जैसा विश्व में फिर कोई ना हो सका ने लोगों को भावविभोर कर दिया। समाजसेवी दिनेश तिवारी ने कहा कि हमारा दायित्व है कि अपने क्षेत्र की युवा प्रतिभाओं को अवसर प्रदान करें। अंजनी अमोघ ने कहा कि हिन्दी साहित्य के उत्थान हेतु राष्ट्रीय कवि संगम निरंतर प्रयत्नशील है। अमेठी जनपद के अध्यक्ष डॉ. केसरी शुक्ला ने सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन अभिजित त्रिपाठी ने किया। कार्यक्रम में समाजसेवी चन्द्रमणि तिवारी, आशुतोष आशू, राजेश मिश्र, अनूप प्रतापगढ़ी, राजेन्द्र त्रिपाठी तथा क्षेत्र के तमाम गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *