संविधान बचाने और जनता के हक की लड़ाई को लेकर हलौरा में गूंजा समाजवादी पीडीए चर्चा का शंखनाद

शोहरतगढ़ | समाजवादी पार्टी लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री सागर पाठक के नेतृत्व में शोहरतगढ़ विधानसभा के हलौरा में पीडीए चर्चा का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर और नेता जी मुलायम सिंह यादव के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
संविधान की रक्षा के लिए समाजवादी आंदोलन को मिलेगा तेज़ी
सभा को संबोधित करते हुए श्री सागर पाठक ने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव के नेतृत्व में पार्टी संविधान और लोकतंत्र पर हमले के खिलाफ हर स्तर पर संघर्ष करेगी। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर किया जा रहा है और जनता की बुनियादी जरूरतों की लगातार उपेक्षा हो रही है।
सेक्टरवार पीडीए चर्चा से जनता में जागरूकता अभियान
उन्होंने बताया कि पूरे विधानसभा क्षेत्र में सेक्टरवार पीडीए चर्चा का आयोजन कर जनता को संविधान बचाने और बाबा साहब अंबेडकर के विचारों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इस दौरान उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी सामाजिक न्याय, जातीय जनगणना, महंगाई, बेरोजगारी, आरक्षण, बदहाल सड़कों और बढ़ते बिजली बिलों के खिलाफ सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी।
संविधान पर हमले के खिलाफ संघर्ष को तैयार रहें कार्यकर्ता – रमेश यादव
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समाजवादी लोहिया वाहिनी के विधानसभा अध्यक्ष रमेश यादव ने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने की साजिश चल रही है, जिसके खिलाफ सभी कार्यकर्ताओं को संघर्ष के लिए तैयार रहना होगा। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी संविधान की रक्षा के लिए हर मोर्चे पर मजबूती से खड़ी है।
स्थानीय नेतृत्व और कार्यकर्ताओं की रही प्रभावी भागीदारी
इस महत्वपूर्ण आयोजन की अध्यक्षता बूथ अध्यक्ष हिमाचल यादव ने की। मंच पर मौजूद सभी पदाधिकारियों ने अपने विचार व्यक्त किए। बैठक में यश शुक्ल, संजय यादव, अयोध्या पासवान, नंदू पासवान, संतोष यादव, राम केवल यादव, विजय निषाद, छेदी यादव, रामधनी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
समाजवादी विचारधारा को आगे बढ़ाने का लिया संकल्प
कार्यक्रम में मौजूद सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने संविधान बचाने और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया। इस दौरान स्थानीय मुद्दों जैसे बदहाल सड़कें, भ्रामक बिजली बिल और जनता के उत्पीड़न को लेकर भी गहरी चर्चा हुई।
(शोहरतगढ़ से विशेष रिपोर्ट | आगे की अपडेट्स के लिए जुड़े रहें!)