प्रयागराज ज़ारी रीवा रोड पर भारतीय राष्ट्रीय पार्टी की हुंकार, हजारों लोगों की मौजूदगी में गूंजा व्यवस्था परिवर्तन का संकल्प

प्रयागराज ज़ारी रीवा रोड पर भारतीय राष्ट्रीय पार्टी की हुंकार, हजारों लोगों की मौजूदगी में गूंजा व्यवस्था परिवर्तन का संकल्प

जिला संवाददाता चंद्र प्रकाश मौर्य की रिपोर्ट

प्रयागराज। भारतीय राष्ट्रीय पार्टी द्वारा यमुना नगर के ज़ारी रीवा रोड पर आयोजित विशाल जनसभा में जनसैलाब उमड़ पड़ा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं, कार्यकर्ताओं और आमजन की मौजूदगी ने इसे एक बड़े राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन में बदल दिया।

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि आर.पी. मौर्य, राष्ट्रीय अध्यक्ष, ने कहा कि प्रयागराज की पवित्र भूमि पर आना उनके लिए गौरव और सौभाग्य की बात है। उन्होंने संगम नगरी की महिमा का उल्लेख करते हुए कहा कि यह केवल एक स्थान नहीं, बल्कि आस्था, एकता और शक्ति का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय पार्टी किसी खास व्यक्ति, परिवार या वर्ग की पार्टी नहीं है, बल्कि यह पूरे समाज के सम्मान, अधिकार और भागीदारी की बात करती है। पार्टी का उद्देश्य समाज के हर तबके को जोड़ना और उन्हें नेतृत्व की मुख्यधारा में लाना है।

आर.पी. मौर्य ने वर्ष 2027 के चुनाव को लेकर बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि उनकी पार्टी पूर्ण व्यवस्था परिवर्तन के मिशन के साथ मैदान में उतरेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि देश की पारंपरिक पार्टियों ने परिवारवाद, जातिवाद और व्यक्तिवाद की राजनीति से जनता को केवल भ्रमित किया है, जबकि भारतीय राष्ट्रीय पार्टी समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय और सम्मान पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि समाज का हर व्यक्ति स्वयं नेतृत्व की भूमिका में आए और अपने अधिकारों की आवाज खुद बने। पार्टी शोषणमुक्त, समानता आधारित और समाज केंद्रित व्यवस्था स्थापित करने के लिए संकल्पित है।

कार्यक्रम में अभिषेक मौर्य, नीरज मौर्य, सुनील मौर्य, चन्द्रशेखर मौर्य, सीमा यादव,रीता कुशवाहा, पवन कोटार्य रत्नेश कुशवाहा और शिव भोला बिंद सहित हजारों समर्थक मौजूद रहे। जनसभा में उमड़ी भीड़ ने यह संकेत दे दिया कि प्रयागराज में भारतीय राष्ट्रीय पार्टी तेजी से अपनी पकड़ मजबूत कर रही है।