4 वर्षों से बंद सामुदायिक शौचालय पर फूटा जनाक्रोश, नगरवासियों ने किया जोरदार प्रदर्शन
- अवैध कब्जा कर आवास बनाने और किराया वसूली का आरोप, महिलाओं-बुजुर्गों को खुले में शौच जाने की मजबूरी
आर.वी.9 न्यूज़ | संवाददाता, शुभम शर्मा, गोरखपुर, उ.प्र.
बड़हलगंज। नगर में पिछले चार वर्षों से बंद पड़े सामुदायिक शौचालय को लेकर सोमवार को स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में नगरवासियों ने शौचालय परिसर के बाहर प्रदर्शन कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और तत्काल कार्रवाई की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि सार्वजनिक उपयोग के लिए बनाए गए सामुदायिक शौचालय पर अवैध कब्जा कर उसे आवास के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है, जबकि वहां से किराया वसूले जाने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए गए। लोगों का कहना है कि करोड़ों रुपये की सरकारी योजनाओं के बावजूद नगरवासी मूलभूत सुविधा से वंचित हैं।
नगरवासियों के अनुसार, शौचालय बंद होने का सबसे अधिक असर महिलाओं, बुजुर्गों और राहगीरों पर पड़ रहा है, जिन्हें मजबूरी में खुले में शौच जाना पड़ रहा है। इससे न केवल असुविधा हो रही है, बल्कि स्वच्छता अभियान और सरकारी योजनाओं की भी खुलेआम धज्जियां उड़ रही हैं। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मांग की कि अवैध अतिक्रमण तत्काल हटाया जाए, सामुदायिक शौचालय को जनसामान्य के लिए पुनः संचालित किया जाए तथा यदि सरकारी संपत्ति पर अवैध कब्जा और किराया वसूली की पुष्टि होती है तो संबंधित जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।
आंदोलन की चेतावनी
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर की जनता अपने अधिकारों और मूलभूत सुविधाओं के लिए अब पीछे हटने वाली नहीं है।
फिलहाल प्रशासन की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। यदि प्रशासन का पक्ष प्राप्त होता है तो उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।







