संविधान दिवस पर चिल्लूपार को योगी की सौगात, 10 स्थानों पर महापुरुषों की मूर्तियों का होगा सुंदरीकरण
संविधान दिवस के अवसर पर चिल्लूपार विधानसभा क्षेत्र को बड़ी सौगात मिली। डॉ. बी.आर. आंबेडकर मूर्ति विकास योजना के तहत क्षेत्र के 10 स्थानों पर स्थापित महापुरुषों की मूर्तियों का सुंदरीकरण किया जाएगा। बड़हलगंज के अम्बेडकर तिराहा, कॉलेज तिराहा और दीनदयाल चौक भी योजना में शामिल हैं।
- बड़हलगंज के अम्बेडकर तिराहा, कॉलेज तिराहा और दीनदयाल चौक को भी मिलेगा नया स्वरूप
आर.वी.9 न्यूज़ | संवाददाता, शुभम शर्मा, गोरखपुर, उ.प्र.
बड़हलगंज। संविधान दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधानसभा क्षेत्र चिल्लूपार को विकास की एक और महत्वपूर्ण सौगात दी। लोकभवन में आयोजित राज्यस्तरीय संविधान दिवस कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश में महापुरुषों की मूर्तियों के संरक्षण, सुंदरीकरण एवं विकास के लिए डॉ. बी.आर. आंबेडकर मूर्ति विकास योजना का शुभारंभ किया। इसी क्रम में विधानसभा क्षेत्र चिल्लूपार के दस स्थानों पर स्थापित महापुरुषों की दस मूर्तियों के सुंदरीकरण एवं विकास कार्य का भी शुभारंभ हुआ।

इस योजना के तहत बड़हलगंज नगर पंचायत क्षेत्र में स्थापित महापुरुषों की प्रतिमाओं और उनके आसपास के स्थलों को व्यवस्थित एवं आकर्षक स्वरूप प्रदान किया जाएगा। इनमें प्रमुख रूप से अम्बेडकर तिराहा, कॉलेज तिराहा और दीनदयाल चौक शामिल हैं। इन स्थानों के सुंदरीकरण से न केवल नगर की खूबसूरती बढ़ेगी, बल्कि महापुरुषों के प्रति सम्मान और नई पीढ़ी में उनके विचारों के प्रति जागरूकता को भी बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का स्थानीय स्तर पर हुआ लाइव प्रसारण
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लोकभवन से योजना के शुभारंभ का कार्यक्रम चिल्लूपार क्षेत्र के विभिन्न चयनित स्थानों पर स्थानीय स्तर पर आयोजित किया गया। भाजपा कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। मुख्यमंत्री द्वारा चिल्लूपार विधानसभा क्षेत्र में दस स्थानों पर महापुरुषों की मूर्तियों के सुंदरीकरण कार्य को मंजूरी दिए जाने पर लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त की तथा एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया।
बड़हलगंज के तीन प्रमुख स्थलों को मिलेगा नया स्वरूप
नगर पंचायत बड़हलगंज के दीनदयाल चौक, अम्बेडकर तिराहा और कॉलेज तिराहा इस विकास योजना का प्रमुख हिस्सा हैं। इन स्थानों पर स्थापित महापुरुषों की मूर्तियों के आसपास आवश्यक विकास एवं सुंदरीकरण कार्य कराया जाएगा। नगर के प्रमुख चौराहों के व्यवस्थित विकास से आवागमन व्यवस्था, सार्वजनिक स्थल की सुंदरता और नगर की पहचान को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।
अलग-अलग स्थानों पर जनप्रतिनिधियों ने संभाली कार्यक्रम की कमान
बड़हलगंज नगर पंचायत के विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता की। नगर पंचायत अध्यक्ष डॉ. प्रीति महेश उमर ने दीनदयाल चौक पर आयोजित कार्यक्रम की कमान संभाली। वहीं ब्लॉक प्रमुख राम आशीष राय ने अम्बेडकर तिराहा तथा चेयरमैन प्रतिनिधि महेश उमर ने कॉलेज तिराहा पर आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित लोगों के साथ मुख्यमंत्री के लाइव प्रसारण को देखा। इस दौरान जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार जताया।
डॉ. प्रीति महेश उमर ने जताया मुख्यमंत्री का आभार
नगर पंचायत अध्यक्ष डॉ. प्रीति महेश उमर ने कहा कि बड़हलगंज में विकास कार्यों की निरंतर श्रृंखला आगे बढ़ रही है। महापुरुषों की मूर्तियों के सुंदरीकरण और प्रमुख चौराहों के विकास की योजना नगर के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने चिल्लूपार क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि महापुरुषों की प्रतिमाएं केवल स्मारक नहीं, बल्कि समाज और युवा पीढ़ी को उनके संघर्ष, विचारों और योगदान से जोड़ने का माध्यम हैं।
महापुरुषों की प्रतिमाओं के सुंदरीकरण से बढ़ेगी नगर की गरिमा
चिल्लूपार विधानसभा क्षेत्र में दस स्थानों पर मूर्तियों के सुंदरीकरण की योजना को स्थानीय लोगों ने महत्वपूर्ण पहल बताया। लोगों का कहना है कि प्रमुख चौराहों पर स्थापित महापुरुषों की प्रतिमाओं का बेहतर रखरखाव और आसपास का सुंदरीकरण होने से नगर की सार्वजनिक छवि और बेहतर होगी। संविधान दिवस के अवसर पर शुरू की गई यह योजना सामाजिक समरसता, संविधान के मूल्यों और महापुरुषों के योगदान को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी मनोज सिंह, श्रीकांत सोनी, संतोष जायसवाल, गंगा सोनी, विजयलक्ष्मी जायसवाल, निशा जायसवाल, हरपाल दास नागवानी, सोनू श्रीवास्तव, अजीतराव, दिनेश मद्धेशिया, श्रीराम मद्धेशिया, राधेश्याम वर्मा, विपुल साहनी, परमात्मा पटवा, महेश पटेल, सभासद राकेश राय, दीपक शर्मा, अमूल्य चंद चतुर्वेदी, संजय सोनकर, सूरज सोनकर, सुनील यादव, दीपक गौड़, लक्ष्मण निषाद, नियाज कुरैशी, ऋषि चंद, रामदास मद्धेशिया, संजय मौर्य, सुरेश उमर, हिमांशु गौड़, उमेश यादव, इंजीनियर किशोरी जायसवाल, विष्णु गुप्ता, शैलेश तिवारी सत्तु, मुन्नू मद्धेशिया, अमरनाथ उमर, नंदलाल पटवा सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
संविधान दिवस पर चिल्लूपार को मिली यह सौगात क्षेत्र के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों को नया स्वरूप देने के साथ-साथ महापुरुषों के सम्मान और उनके विचारों को जनमानस तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखी जा रही है।
— संवाददाता, आर.वी.9 न्यूज़
आर.वी.9 न्यूज़
यहाँ हम नहीं, खबरें बोलती हैं!







