108 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ से पूर्व निकली ऐतिहासिक कलशयात्रा, विधायक और चेयरमैन ने सिर पर कलश रख किया नेतृत्व

108 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ से पूर्व निकली ऐतिहासिक कलशयात्रा, विधायक और चेयरमैन ने सिर पर कलश रख किया नेतृत्व

बड़हलगंज में राष्ट्र जागरण और नारी सशक्तिकरण का विराट संगम

  • आर.वी.9 न्यूज़ | संवाददाता, शुभम शर्मा

बड़हलगंज | गोरखपुर

बड़हलगंज नगर रविवार को अध्यात्म, संस्कृति और नारी सशक्तिकरण की दिव्य चेतना से सराबोर हो उठा, जब राष्ट्रीय कन्या इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित होने वाले राष्ट्र जागरण एवं महिला सशक्तिकरण 108 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ के शुभारंभ से पूर्व एक भव्य और ऐतिहासिक कलशयात्रा निकाली गई। इस पावन अवसर पर चिल्लूपार विधायक राजेश त्रिपाठी और बड़हलगंज नगर पंचायत की चेयरमैन प्रीति उमर ने स्वयं अपने सिर पर कलश रखकर यात्रा का नेतृत्व किया, जिसने कार्यक्रम को विशेष गरिमा और आध्यात्मिक ऊंचाई प्रदान की।


सद्बुद्धि, संस्कार और राष्ट्र चेतना का संदेश

रविवार दोपहर लगभग 12 बजे पीत वस्त्र धारण किए गायत्री परिवार के साधकों की विशाल कलशयात्रा महायज्ञ स्थल से आरंभ हुई। यात्रा के अग्रिम पंक्ति में रानी लक्ष्मीबाई, महाराणा प्रताप, भारत माता, श्रीकृष्ण और भगवान शिव की मनमोहक झांकियां घोड़े और रथ पर सवार होकर नगरवासियों का मन मोहती रहीं। ढोल-नगाड़ों की गूंज और “मां गायत्री की जय” के जयघोष के साथ शांतिकुंज हरिद्वार से आए पवित्र कलशों का रथ आगे-आगे चल रहा था। इसके पीछे विधायक राजेश त्रिपाठी, चेयरमैन प्रीति उमर, चेयरमैन प्रतिनिधि महेश उमर तथा हजारों की संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु सिर पर कलश धारण कर नगर भ्रमण करते हुए आगे बढ़े।


नगर भ्रमण से बना ऐतिहासिक दृश्य

कलशयात्रा ने कालेज तिराहा, पटना चौराहा, सोती चौराहा, लेटाघाट, डीह स्थान और गोला तिराहा होते हुए पुनः कालेज तिराहा पहुंचकर कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश किया। यहां विधिवत पूजन और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शांतिकुंज हरिद्वार से आई महिला यज्ञाचार्यों की टोली ने पवित्र कलशों की स्थापना कराई। इससे पूर्व मुख्य यजमान के रूप में चेयरमैन प्रीति उमर और चेयरमैन प्रतिनिधि महेश उमर ने विधिविधान से पूजन कर कलशयात्रा का शुभारंभ किया।


समाज जागरण में अनेक हस्तियों की सहभागिता

इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में संयोजक आलोक सिंह, लक्ष्मीनारायण गुप्त, सुभाष विश्वकर्मा, अनिल कुमार पाण्डेय, राधेश्याम कुशवाहा, वीरेंद्र नारायण गुप्ता, राजीव दूबे, डॉ. बांके बिहारी मिश्रा, बसंत गुप्ता, पुरुषोत्तम जायसवाल, मीडिया प्रभारी संतोष जायसवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिकों ने सक्रिय भूमिका निभाई। इसके साथ ही गीता कुशवाहा, अतरवासी देवी, संध्या श्रीवास्तव, संध्या जायसवाल, मीरा जायसवाल, विजयलक्ष्मी जायसवाल, सुमावती यादव, डॉ. सुनीता सिंह एवं पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सम्भल से आए गायत्री साधकों की सहभागिता ने कार्यक्रम को और भी प्रभावशाली बना दिया।


नारी सशक्तिकरण और राष्ट्र निर्माण का संकल्प

इस महायज्ञ का मूल उद्देश्य गायत्री महामंत्र के माध्यम से समाज में सद्बुद्धि, संस्कार, नारी सशक्तिकरण और राष्ट्र जागरण का संचार करना है। नगरवासियों में इस आयोजन को लेकर अपार उत्साह और श्रद्धा देखने को मिली, जिससे बड़हलगंज एक बार फिर संस्कृति, आस्था और चेतना का केंद्र बनकर उभरा।

यह आयोजन न केवल धार्मिक अनुष्ठान है, बल्कि समाज को सही दिशा देने वाला एक आध्यात्मिक आंदोलन भी है, जो आने वाले दिनों तक अपनी ऊर्जा और प्रभाव छोड़ता रहेगा।