अंजूल चतुर्वेदी, थानाध्यक्ष गगहा, एवं अनुज कुमार सिंह बांसगांव क्षेत्राधिकार महोदय का होली पर सख्त संदेश

अंजूल चतुर्वेदी, थानाध्यक्ष गगहा, एवं अनुज कुमार सिंह बांसगांव क्षेत्राधिकार महोदय का होली पर सख्त संदेश

 जिला संवाददाता चंद्र प्रकाश मौर्य की रिपोर्ट 

गगहा/बांसगांव। आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से क्षेत्राधिकारी बांसगांव अनुज कुमार सिंह एवं थानाध्यक्ष गगहा अंजूल चतुर्वेदी द्वारा सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि होली के दौरान शराब पीकर हुड़दंग मचाने, विवाद उत्पन्न करने अथवा माहौल खराब करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कानून-व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

इसी क्रम में प्रधान संघ की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें क्षेत्र के ग्राम प्रधानों एवं गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। बैठक में त्योहार के दौरान आपसी भाईचारे, सामाजिक सौहार्द और शांति बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने सभी प्रधानों से अपील की कि वे अपने-अपने गांवों में युवाओं को जागरूक करें तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को दें।

बैठक में बालेंदु प्रसाद ओझा, सरितेश मिश्रा, संजय शाही तथा ग्राम करवल उर्फ मझगाँवा के ग्राम प्रधान संदीप मोदनवाल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

क्षेत्राधिकारी ने बताया कि पर्व के दौरान पुलिस टीम द्वारा लगातार गश्त की जाएगी तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। सोशल मीडिया पर भड़काऊ या आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों पर भी सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

बैठक के अंत में सभी प्रधानों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने तथा शांतिपूर्ण होली मनाने का संकल्प लिया। प्रशासन की इस पहल से क्षेत्र में सुरक्षा एवं विश्वास का माहौल बना हुआ है।