दिनदहाड़े झपट्टा, बेटी की बहादुरी: 100 मीटर दौड़ाकर बदमाश को गिराया, फिर भी फरार

दिनदहाड़े झपट्टा, बेटी की बहादुरी: 100 मीटर दौड़ाकर बदमाश को गिराया, फिर भी फरार
  • संवाददाता- कौस्तुभ तिवारी, गोला, गोरखपुर, उत्तर प्रदेश

गोरखपुर।
जिले के गोला उपनगर में सोमवार दोपहर एक चौंकाने वाली वारदात सामने आई, जहां ज्वेलर्स की दुकान से दिनदहाड़े करीब 20 ग्राम सोना झपट्टा मारकर दो बदमाश फरार हो गए। लेकिन इस घटना में सबसे खास बात रही दुकान मालिक की बेटी की बहादुरी, जिसने बिना डरे बदमाशों का पीछा किया और एक को गिरा भी दिया। घटना थाना गोला क्षेत्र के वार्ड नंबर 17 स्थित देवांश स्वर्णकला केंद्र की है। उस समय दुकान मालिक राकेश वर्मा बाहर थे और उनकी छोटी बेटी दुकान संभाल रही थी। तभी दो युवक ग्राहक बनकर आए और गहने देखने लगे। मौका मिलते ही एक युवक ने 4-5 जोड़ी कान के झाली (करीब 20 ग्राम सोना) झपट्टा मारकर उठा लिए और भागने लगा।

लड़की ने तुरंत शोर मचाया और करीब 100 मीटर तक बदमाशों का पीछा किया। उसने एक आरोपी को पकड़कर गिरा भी दिया, लेकिन वह झटका देकर भाग निकला। इस दौरान लड़की के हाथ में चोट भी आई, जिसका इलाज पास के क्लिनिक में कराया गया। सीसीटीवी फुटेज में सामने आया कि दूसरा आरोपी पास में बाइक लेकर पहले से खड़ा था, जिसके जरिए दोनों फरार हो गए। चोरी गए सोने की कीमत करीब 2.5 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।

खास बात:
इस घटना के बाद पूरे इलाके में लड़की की हिम्मत और साहस की जमकर सराहना हो रही है, जिसने खतरे के बावजूद बदमाशों का सामना किया।