बड़हलगंज नगर पंचायत को मिली आधुनिक सफाई व्यवस्था की सौगात, सक्शन मशीन सहित तीन नए कूड़ा कलेक्शन वाहनों का लोकार्पण
- विधायक राजेश त्रिपाठी बोले— स्वच्छता ही स्वस्थ समाज की सबसे मजबूत नींव, नगर पंचायत लगातार रच रही विकास के नए आयाम
- आर.वी.9 न्यूज़ | संवाददाता, शुभम शर्मा, गोरखपुर, उ.प्र.
बड़हलगंज (गोरखपुर)। नगर पंचायत बड़हलगंज ने स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी, आधुनिक एवं जनहितकारी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। शनिवार को नगर पंचायत कार्यालय परिसर में सक्शन मशीन सहित तीन अत्याधुनिक कूड़ा कलेक्शन वाहनों का लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को नई गति देने के उद्देश्य से आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, नगर पंचायत के अधिकारियों, सभासदों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही।

मुख्य अतिथि चिल्लूपार विधायक राजेश त्रिपाठी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि नगर पंचायत अध्यक्ष प्रीति महेश उमर के नेतृत्व में बड़हलगंज नगर पंचायत विकास के नए-नए आयाम स्थापित कर रही है। आधुनिक संसाधनों से लैस इन नए वाहनों के शामिल होने से नगर की सफाई व्यवस्था पहले से कहीं अधिक मजबूत और प्रभावी होगी। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण ही स्वस्थ समाज की पहचान है और स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने की आवश्यकता है।
विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए स्वच्छ भारत मिशन तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की स्वच्छ एवं सुंदर उत्तर प्रदेश की परिकल्पना को साकार करने में नगर पंचायत की भूमिका सराहनीय है। उन्होंने कहा कि जब तक प्रत्येक नागरिक स्वच्छता को अपनी व्यक्तिगत जिम्मेदारी नहीं मानेगा, तब तक अभियान की सफलता अधूरी रहेगी। नगर पंचायत द्वारा आधुनिक तकनीक से लैस वाहनों की व्यवस्था इस दिशा में एक प्रभावी पहल है।
इससे पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष प्रीति उमर ने वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधिवत पूजन-अर्चन के बाद नए वाहनों का लोकार्पण कर उन्हें जनता को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि नगर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाए रखना केवल नगर पंचायत का दायित्व नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का भी कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के स्वच्छता के संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए नगर पंचायत पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
उन्होंने विश्वास जताया कि नए कूड़ा कलेक्शन वाहनों एवं सक्शन मशीन के संचालन से घर-घर कूड़ा संग्रहण, नालियों की नियमित सफाई तथा जलभराव जैसी समस्याओं के समाधान में काफी मदद मिलेगी। इससे नगरवासियों को बेहतर स्वच्छता सुविधाएं उपलब्ध होंगी और नगर का सौंदर्य भी बढ़ेगा।
कार्यक्रम में चेयरमैन प्रतिनिधि महेश उमर, सभासद राजू मिश्रा, रामदास मद्धेशिया, दीपक शर्मा, लक्ष्मण साहनी, सूरत सोनकर, संजय सोनकर, रवि साहनी, संदीप वर्मा, ऋषि चंद, आचार्य वेद प्रकाश त्रिपाठी, राजकुमार निगम, नियाज अहमद, जनसेवा संस्था के महामंत्री संतोष जायसवाल, व्यापार मंडल अध्यक्ष श्रीकांत सोनी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य मुन्ना निषाद, अनूप जायसवाल, राजेश पटवा, रामदेव वर्मा, मनमोहन पटवा, प्रदीप सोनकर, श्रीराम मद्धेशिया, संजय पटवा, प्रकांत उमर, दीपक गुप्ता, अभिषेक त्रिपाठी, शिवम सोनी, राजा शर्मा, हरिकेश यादव, तेजस उमर, लक्ष्मी नारायण गुप्ता, परमात्मा पटवा, हिमांशु गौड़, सुरेश सोनकर, महेश पटेल, राहुल सोनकर, आजाद अहमद, अजय कुमार, उमा यादव, शैलेश तिवारी, राजेश जायसवाल, सोनू श्रीवास्तव, संजय मौर्य, सफाई नायक सुरेश सोनकर, सत्तू तिवारी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

बड़हलगंज नगर पंचायत द्वारा आधुनिक सफाई संसाधनों को शामिल करना केवल वाहनों की संख्या बढ़ाना नहीं, बल्कि स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर नगर की दिशा में एक ठोस पहल है। नई सक्शन मशीन और कूड़ा कलेक्शन वाहनों के संचालन से नगर की सफाई व्यवस्था अधिक व्यवस्थित, तेज और प्रभावी होगी। यह पहल न केवल स्वच्छ भारत मिशन को मजबूती देगी, बल्कि नगरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगी।







