आपत्तिजनक गीत के विरोध में नाई समाज ने थाने में सौंपा ज्ञापन

आपत्तिजनक गीत के विरोध में नाई समाज ने थाने में सौंपा ज्ञापन
  • कार्रवाई और सोशल मीडिया से वीडियो हटाने की मांग, समाज की भावनाएं आहत होने का आरोप

संवाददाता - शुभम शर्मा, गोरखपुर 
बड़हलगंज।
नाई समाज को लेकर कथित रूप से आपत्तिजनक शब्दों वाले गीत के प्रसारण को लेकर समाज के लोगों में नाराजगी देखने को मिली। विरोध जताते हुए नाई समाज के लोगों ने कोतवाली बड़हलगंज पहुंचकर थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा और संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि बिहार के वैशाली जिले के रहने वाले यूट्यूबर गणेश लाजवाब यादव द्वारा प्रसारित एक गीत में नाई समाज को लेकर कथित तौर पर आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया गया है। समाज के लोगों ने गीत में इस्तेमाल किए गए “बाप चलावे सैलून, बेटी के देखावे बैलून” जैसे शब्दों पर आपत्ति जताते हुए कहा कि इस प्रकार की भाषा समाज की सामाजिक प्रतिष्ठा, सम्मान और भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली है। समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से इस तरह की सामग्री का प्रसार होने से समाज के लोगों में आक्रोश उत्पन्न हो रहा है। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के विरुद्ध कानून के अनुसार आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की। ज्ञापन के माध्यम से यह भी मांग की गई कि संबंधित आपत्तिजनक गीत/वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि ऐसी सामग्री का आगे प्रसार न हो सके। प्रतिनिधियों ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 352 के तहत कार्रवाई किए जाने की मांग भी की।

कार्रवाई की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन

समाज के लोगों ने कहा कि किसी भी समुदाय की सामाजिक गरिमा और सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली सामग्री के प्रसार को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर तथ्यों के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई करने का आग्रह किया। ज्ञापन सौंपने के दौरान डॉ. डीके शर्मा, संगठन मंत्री आजाद समाज पार्टी, अनिकेत शर्मा, संजय शर्मा, हर्षित शर्मा, आशीष शर्मा, जितेंद्र शर्मा, पप्पू शर्मा, प्रवीण शर्मा, सूरज शर्मा, नरेंद्र शर्मा, सदानंद शर्मा, पवन कुमार शर्मा, सोनू शर्मा, अनूप शर्मा, विशाल शर्मा, विधानसभा अध्यक्ष आजाद समाज पार्टी कांशीराम, राजकुमार शर्मा, मिथुन शर्मा, अंशु शर्मा सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे। समाज के प्रतिनिधियों ने प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कर उचित कार्रवाई किए जाने की उम्मीद जताई।