गोला :- छठ पूजा देखने गए युवक की पोखरे में डूबकर मौत, परिवार में मचा कोहराम

गोला :- छठ पूजा देखने गए युवक की पोखरे में डूबकर मौत, परिवार में मचा कोहराम

 क्राइम रिपोर्ट नरसिंह यादव 

 (गोरखपुर)।

छठ महापर्व की पावन सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। गोला थाना क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार तड़के छठ पूजा देखने गए चंदन कुमार (40) पुत्र बाबूलाल की पोखरे में डूबने से मौत हो गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे चंदन गांव के बनहीया पोखरे पर छठ घाट पर आयोजित कार्यक्रम देखने गया था। बताया जाता है कि वह कुछ देर तक डीजे पर नाचता रहा और बाद में नहाने के लिए पोखरे में उतर गया। तभी उसका पैर फिसल गया और वह गहराई में चला गया।

डूबते देख अर्घ्य दे रही महिलाओं ने शोर मचाया। ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल बचाने का प्रयास किया, लेकिन काफी खोजबीन के बाद लगभग आधे घंटे बाद ही चंदन का शव पोखरे से निकाला जा सका। परिजन उसे सीएचसी गोला ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

बताया गया कि चंदन चार भाइयों में सबसे छोटा था। वह मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करता था। मृतक की पत्नी और बच्चे छठ पर्व पर ननिहाल गए हुए थे। दो पुत्र — प्रवीण (16) और सत्यम (12) — तथा एक पुत्री सोनी (12) है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, घर में रो-रोकर सभी का बुरा हाल है।

ग्रामीणों ने बताया कि बनहीया पोखरा लगभग एक एकड़ क्षेत्रफल में फैला हुआ और काफी गहरा है, इसलिए यहां कोई आसानी से तैरने नहीं जाता। बड़े भाई ने सुबह ही चंदन को पोखरे पर न जाने की सलाह दी थी, लेकिन उसने बात अनसुनी कर घाट की ओर चला गया — और फिर लौटकर घर नहीं आया।