रील के चक्कर में खतरे का खेल! जबलपुर पुलिस की सख्त कार्रवाई, फ्लाईओवर पर स्टंट और वीडियो बनाने वाले 190 लोगों पर चला चालान का डंडा

रील के चक्कर में खतरे का खेल! जबलपुर पुलिस की सख्त कार्रवाई, फ्लाईओवर पर स्टंट और वीडियो बनाने वाले 190 लोगों पर चला चालान का डंडा

मध्यप्रदेश के जबलपुर में हाल ही में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने प्रदेश का सबसे लंबा फ्लाईओवर जनता को समर्पित किया था। उद्घाटन के बाद से ही यह आधुनिक फ्लाईओवर रीलबाज़ों और स्टंट प्रेमियों का अड्डा बन गया था। बड़ी संख्या में लोग यहां वीडियो शूट और स्टंट करते दिख रहे थे, जिससे न केवल यातायात बाधित हो रहा था बल्कि दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ रहा था।

लगातार मिल रही शिकायतों और सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे स्टंट वीडियोज़ को गंभीरता से लेते हुए जबलपुर पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 190 लोगों का चालान काटा और साफ संदेश दिया कि “फ्लाईओवर जनता की सुविधा के लिए है, जोखिम भरी रीलों और खतरनाक स्टंट के लिए नहीं।” पुलिस ने चेतावनी भी दी है कि आगे से जो भी व्यक्ति फ्लाईओवर पर नियम तोड़ता पाया जाएगा, उसके खिलाफ और भी कठोर कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि रील बनाने के नाम पर यह लापरवाही आम जनता की सुरक्षा से खिलवाड़ है। वहीं, जिम्मेदार नागरिकों ने पुलिस की इस कार्रवाई को सराहा है और इसे “सुरक्षा के लिए ज़रूरी कदम” बताया है।

अब सवाल यही है—क्या रीलबाज़ अपनी आदत बदलेंगे या पुलिस को और कड़ा शिकंजा कसना पड़ेगा?