बड़हलगंज के पटना चौराहे पर अनियंत्रित ट्रक पलटा, तीन घायल; एक की हालत गंभीर

बड़हलगंज के पटना चौराहे पर अनियंत्रित ट्रक पलटा, तीन घायल; एक की हालत गंभीर
  • हादसे के बाद चालक मौके से फरार, प्राथमिक उपचार के बाद तीनों घायलों को मेडिकल कॉलेज किया गया रेफर

बड़हलगंज (गोरखपुर)। बड़हलगंज थाना क्षेत्र के पटना चौराहे पर शनिवार को एक अनियंत्रित ट्रक पलट जाने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे में तीन लोग घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसे में प्रदीप पासवान (55 वर्ष) और अभिनंदन (50 वर्ष) के कंधे में चोटें आई हैं। दोनों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर और सामान्य बताई जा रही है। वहीं रामानंद साहनी (50 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल

ट्रक पलटने की घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को उपचार के लिए बड़हलगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर और विशेषज्ञ उपचार के लिए तीनों घायलों को गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।

चालक की तलाश में जुटी पुलिस

हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाते हुए मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है।फिलहाल दुर्घटना के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच के बाद हादसे की वास्तविक वजह सामने आने की बात कह रही है।