रत्नेश त्रिपाठी बने शैक्षणिक गौरव के प्रतीक, राज्यपाल ने गोल्ड मेडल से किया सम्मानित

सेंवई बाजार, गोरखपुर – शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए भौवापार निवासी रत्नेश राम त्रिपाठी ने गोरखपुर के सेंट एंड्रूज कॉलेज में एमएससी (गणित) में सर्वोच्च स्थान प्राप्त कर क्षेत्र का मान बढ़ाया है। उनकी इस अभूतपूर्व उपलब्धि पर हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिवप्रताप शुक्ल ने उन्हें गोल्ड मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
रत्नेश की सफलता पर पूरे गांव में हर्ष की लहर दौड़ गई है। उनकी शिक्षा यात्रा हमेशा से प्रेरणादायक रही है। प्रारंभिक शिक्षा शिव स्थलीय जूनियर हाई स्कूल से प्राप्त करने के बाद, उन्होंने महात्मा गांधी इंटर कॉलेज से हाई स्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण कीं। इसके बाद गोरखपुर विश्वविद्यालय से संबद्ध सेंट एंड्रूज कॉलेज में एमएससी (गणित) में सर्वोच्च अंक प्राप्त कर उन्होंने न केवल अपने माता-पिता बल्कि पूरे समाज का नाम रोशन किया।
सेण्ट एंड्रूज कॉलेज के स्थापना समारोह में जब उन्हें गोल्ड मेडल से सम्मानित किया गया, तो यह पल न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण बन गया। उनकी इस सफलता पर ग्राम प्रधान धनंजय सिंह, विशाल सिंह, संगम पांडेय, शत्रुघ्न सिंह, आलोक शुक्ल, ओमप्रकाश त्रिपाठी, श्याम मोहन त्रिपाठी, पुरंजय तिवारी और विकास सिंह टिंकू ने बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
रत्नेश की यह उपलब्धि समाज के युवाओं को मेहनत, लगन और शिक्षा के प्रति समर्पण का संदेश देती है। उनकी यह सफलता न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि है बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए एक प्रेरणास्रोत भी है।