आज़मगढ़ में उबाल: पीएम मोदी की मां पर अभद्र टिप्पणी से महिला मोर्चा भड़का, कांग्रेस कार्यालय पर किया जोरदार विरोध

- आर.वी.9 न्यूज़ | संवाददाता, राजेश गुप्ता
आज़मगढ़।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां पर की गई विवादित टिप्पणी ने सियासत में हलचल मचा दी है। कांग्रेस मंच से मोहम्मद रिजवी द्वारा दिए गए इस बयान के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा ने आज़मगढ़ में जमकर विरोध प्रदर्शन किया। महिला मोर्चा की पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय के बाहर नारेबाज़ी करते हुए इस टिप्पणी को “सभी महिलाओं का अपमान” बताया।
"मां का अपमान बर्दाश्त नहीं"
महिला मोर्चा की जिला महामंत्री उषा आर्य ने कहा –
"भारतीय संस्कृति में मां और बहनों का सम्मान सर्वोपरि है। प्रधानमंत्री मोदी ने हमेशा महिलाओं को सम्मान और अग्रणी स्थान दिया है। ऐसे में कांग्रेस कार्यकर्ता द्वारा इस तरह की अभद्र टिप्पणी अक्षम्य है।"
उन्होंने चेतावनी दी कि अगर भविष्य में भी महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली भाषा का प्रयोग किया गया तो महिला मोर्चा की कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगी।
माफी की मांग और चेतावनी
महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस से इस बयान पर सार्वजनिक माफी की मांग की और कहा कि योगी-मोदी के राज में महिलाओं के अपमान को किसी भी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं रहीं शामिल
इस विरोध प्रदर्शन में महिला मोर्चा की जिला उपाध्यक्ष अमितलता सिंह, अंजना सिंह, सुमन सिंह राजपूत, मंडल अध्यक्ष निरुपमा पाठक, सारिका सिंह, प्रगति सिंह, रेनू गोस्वामी, विभा बरनवाल, रेखा सिंह समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहीं।