राष्ट्रपति भवन में गोरखपुर के गायत्री विद्यापीठ के बच्चों का जलवा, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से की मुलाकात; दिव्यांशी सिंह को मिला राष्ट्रपति बैच
गोरखपुर के गायत्री विद्यापीठ के विद्यार्थियों ने राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात कर आशीर्वाद प्राप्त किया। भगवा वेशभूषा में पहुंचे बच्चे आकर्षण का केंद्र बने। छात्रा दिव्यांशी सिंह को प्रश्न का सही उत्तर देने पर राष्ट्रपति बैच प्रदान किया गया।
- संवाददाता - शुभम शर्मा
बड़हलगंज (गोरखपुर)। प्रतिभा, संस्कार और भारतीय संस्कृति की अनूठी पहचान जब देश के सर्वोच्च संवैधानिक परिसर राष्ट्रपति भवन में पहुंची, तो हर किसी की निगाहें गोरखपुर के नन्हे विद्यार्थियों पर टिक गईं। बाल दिवस के पावन अवसर पर गायत्री विद्यापीठ संस्कारशाला, बासूडीहा, गंभीरपुर कोठा, गगहा के बच्चों को नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात करने और उनका स्नेह एवं आशीर्वाद प्राप्त करने का गौरवपूर्ण अवसर मिला। इस ऐतिहासिक उपलब्धि से न केवल विद्यालय परिवार, बल्कि पूरे गोरखपुर जनपद और क्षेत्र का मान-सम्मान बढ़ा है।
बताया गया कि शिक्षा के साथ भारतीय संस्कार, संस्कृति और नैतिक मूल्यों को प्राथमिकता देने वाले गायत्री विद्यापीठ को देशभर के लाखों विद्यालयों के बीच से विशेष रूप से इस कार्यक्रम के लिए आमंत्रित किया गया था। विद्यालय के लिए यह अवसर किसी सपने के साकार होने से कम नहीं था।
भगवा वेशभूषा में बच्चों ने खींचा सबका ध्यान
राष्ट्रपति भवन में जब गायत्री विद्यापीठ के विद्यार्थी अपनी पारंपरिक भगवा वेशभूषा में पहुंचे, तो उनका व्यक्तित्व और सादगी वहां मौजूद लोगों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बन गई। भगवा कुर्ता-पायजामा धारण किए बच्चों ने भारतीय सनातन परंपरा, सांस्कृतिक विरासत और अपनी विशिष्ट पहचान की सुंदर झलक प्रस्तुत की। राष्ट्रपति भवन में मौजूद अन्य राज्यों से आए विद्यालयों के शिक्षक और विद्यार्थी भी इन बच्चों की वेशभूषा और अनुशासित व्यवहार को देखकर प्रभावित नजर आए। कई लोगों ने बच्चों से बातचीत की और उनके साथ समय बिताने में रुचि दिखाई। गायत्री विद्यापीठ के विद्यार्थियों के लिए भी यह अनुभव बेहद यादगार रहा। देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर आसीन राष्ट्रपति से आमने-सामने मुलाकात करना उनके जीवन के सबसे सुखद और प्रेरणादायक पलों में शामिल हो गया।
दिव्यांशी सिंह की प्रतिभा ने बढ़ाया विद्यालय का गौरव, मिला राष्ट्रपति बैच
इस गौरवपूर्ण कार्यक्रम के दौरान बच्चों के बीच आयोजित प्रश्नोत्तर सत्र में गायत्री विद्यापीठ की होनहार छात्रा दिव्यांशी सिंह ने अपनी प्रतिभा और ज्ञान का परिचय दिया। सैकड़ों बच्चों के बीच पूछे गए एक प्रश्न का उन्होंने सटीक उत्तर देकर सभी का ध्यान आकर्षित किया। दिव्यांशी की इस उपलब्धि से प्रसन्न होकर उन्हें पुरस्कार स्वरूप राष्ट्रपति बैच प्रदान किया गया। यह सम्मान उनके आत्मविश्वास, ज्ञान और प्रतिभा का प्रतीक बन गया। दिव्यांशी की इस सफलता से विद्यालय परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई। शिक्षकों, अभिभावकों और क्षेत्रवासियों ने छात्रा की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने बच्चों को दिया स्नेह और आशीर्वाद
कार्यक्रम के दौरान महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु बच्चों से बेहद आत्मीयता और स्नेह के साथ मिलीं। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें खूब प्यार एवं आशीर्वाद दिया। राष्ट्रपति ने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने, जीवन में अच्छे संस्कार अपनाने तथा समाज और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों को समझने की प्रेरणा दी। उनका स्नेहपूर्ण व्यवहार बच्चों के लिए विशेष अनुभव रहा।इस अवसर पर राष्ट्रपति महोदया ने गायत्री विद्यापीठ के विद्यार्थियों और प्रतिनिधियों के साथ तस्वीर भी खिंचवाई। इस यादगार पल को विद्यालय परिवार ने अपने लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।
इन विद्यार्थियों को मिला राष्ट्रपति भवन पहुंचने का गौरव
इस विशेष अवसर पर गायत्री विद्यापीठ की ओर से आलोक सिंह, प्रभात सिंह, आलोक मिश्रा, दिव्यांशी सिंह, दिव्या गौड़, अभिषेक निषाद और आकाश गुप्ता उपस्थित रहे। सभी ने राष्ट्रपति से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया और इस ऐतिहासिक पल को यादगार बनाया।
शिक्षा के साथ संस्कार ही बनाते हैं बच्चों का उज्ज्वल भविष्य
गायत्री विद्यापीठ की इस उपलब्धि ने एक बार फिर यह संदेश दिया है कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान प्राप्त करना नहीं, बल्कि बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, संस्कार, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना विकसित करना भी है। राष्ट्रपति भवन तक पहुंचकर अपनी प्रतिभा और सांस्कृतिक पहचान का परिचय देने वाले इन विद्यार्थियों ने अपने विद्यालय के साथ-साथ पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। इस उपलब्धि पर ग्रामीणों, अभिभावकों और क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने विद्यालय परिवार को बधाई दी है। लोगों का कहना है कि शिक्षा और संस्कार का ऐसा समन्वय ही बच्चों को जीवन में नई ऊंचाइयों तक पहुंचने की प्रेरणा देता है।
गायत्री विद्यापीठ के इन नन्हे सितारों की राष्ट्रपति भवन तक पहुंची यह उपलब्धि निश्चित रूप से क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा बनेगी। आज बासूडीहा से लेकर पूरे गोरखपुर क्षेत्र तक इस गौरवपूर्ण उपलब्धि की चर्चा है।
गायत्री विद्यापीठ के बच्चों ने साबित कर दिया कि प्रतिभा को जब संस्कार, अनुशासन और सही मार्गदर्शन का साथ मिलता है, तो सफलता के रास्ते स्वयं खुलने लगते हैं।







