यूपी रेजीमेंट की मांग को लेकर रक्षा मंत्री से लगाई गुहार, उत्तर प्रदेश के युवाओं के भविष्य के लिए उठाई आवाज

यूपी रेजीमेंट की मांग को लेकर रक्षा मंत्री से लगाई गुहार, उत्तर प्रदेश के युवाओं के भविष्य के लिए उठाई आवाज

 जिला संवाददाता चंद्र प्रकाश मौर्य की रिपोर्ट

गोरखपुर। मानवता रक्षा फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष फौजी दिनेश विश्वकर्मा, जो गोरखपुर जनपद के खोराबार ब्लॉक के निवासी हैं, भारत सरकार के माननीय रक्षा मंत्री से उत्तर प्रदेश के युवाओं के हित में अलग यूपी रेजीमेंट के गठन की मांग की है। उनका कहना है कि उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा और सर्वाधिक जनसंख्या वाला राज्य है, जहां से बड़ी संख्या में युवा भारतीय सेना में भर्ती होकर राष्ट्र सेवा का गौरव प्राप्त करते हैं। ऐसे में प्रदेश के नाम से अलग रेजीमेंट का गठन युवाओं के सम्मान, उत्साह और मनोबल को नई दिशा देगा।

फौजी दिनेश विश्वकर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश के सैनिकों ने हर युद्ध, सैन्य अभियान और राष्ट्रीय सुरक्षा में अद्वितीय साहस, समर्पण और बलिदान का परिचय दिया है। इसके बावजूद आज तक प्रदेश के नाम से अलग रेजीमेंट का गठन नहीं होना लाखों युवाओं की भावनाओं से जुड़ा विषय है। उन्होंने केंद्र सरकार से इस मांग पर गंभीरता से विचार करने और सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि यूपी रेजीमेंट का गठन केवल एक प्रशासनिक निर्णय नहीं होगा, बल्कि यह उत्तर प्रदेश के युवाओं के आत्मसम्मान, प्रेरणा और राष्ट्रभक्ति को और अधिक सशक्त करेगा। इससे सेना में भर्ती होने का उत्साह बढ़ेगा तथा आने वाली पीढ़ियों को भी देश सेवा के लिए नई प्रेरणा मिलेगी।

फौजी दिनेश विश्वकर्मा ने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार युवाओं की इस जनभावना का सम्मान करेगी। उन्होंने कहा कि यदि यूपी रेजीमेंट का गठन होता है तो प्रदेश के लाखों युवा, पूर्व सैनिक और आम नागरिक सरकार के प्रति सदैव आभार व्यक्त करेंगे।

स्थानीय लोगों का कहना है कि गोरखपुर के खोराबर ब्लॉक से निकलकर पूरे उत्तर प्रदेश के युवाओं के भविष्य और सम्मान के लिए इस प्रकार की मांग उठाना सराहनीय पहल है। उन्होंने फौजी दिनेश विश्वकर्मा के प्रयास की प्रशंसा करते हुए इसे युवाओं के हित में उठाई गई एक महत्वपूर्ण आवाज बताया।