ग्राम सभा नेवास की बेटियों ने बढ़ाया मान, हाईस्कूल में शानदार प्रदर्शन
जिला संवाददाता चंद्र प्रकाश मौर्य की रिपोर्ट
ग्राम सभा नेवास के लिए इस वर्ष बेहद गर्व का अवसर रहा, जब यहां की दो प्रतिभाशाली छात्राओं ने यूपी बोर्ड हाईस्कूल परीक्षा में उत्कृष्ट अंक प्राप्त कर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया।

मानसी विश्वकर्मा, पुत्री हरिओम विश्वकर्मा, ने 90% अंक हासिल कर शानदार सफलता प्राप्त की, वहीं रिचा मौर्या, पुत्री सच्चिदा नंद मौर्य, ने 79% अंक प्राप्त कर अपनी मेहनत का परिचय दिया।

दोनों छात्राओं की सफलता इसलिए भी खास मानी जा रही है क्योंकि उनके परिवार आर्थिक रूप से बहुत मजबूत नहीं हैं। दोनों के पिता एक प्राइवेट कंपनी में कार्यरत हैं और सीमित संसाधनों के बावजूद अपनी बेटियों की शिक्षा में कोई कमी नहीं आने दी। मानसी और रिचा ने भी घर पर रहकर कड़ी मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ पढ़ाई की और बिना किसी विशेष कोचिंग के यह मुकाम हासिल किया।
गांव के लोगों का कहना है कि इन बेटियों की सफलता से अन्य बच्चों को भी प्रेरणा मिलेगी। यह साबित करता है कि यदि मन में लगन और मेहनत हो, तो किसी भी परिस्थिति में सफलता प्राप्त की जा सकती है। मानसी और रिचा ने न केवल अपने परिवार का, बल्कि पूरे ग्राम सभा नेवास का नाम गर्व से ऊंचा किया है।
ग्राम प्रधान एवं स्थानीय लोगों ने दोनों छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। साथ ही उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए समाज को हर संभव सहयोग देना चाहिए, ताकि वे भविष्य में और भी बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकें।






