पद्म पुरस्कार 2026 के लिए नामांकन शुरू: आम नागरिक भी कर सकते हैं नामांकन, जानिए प्रक्रिया!

पद्म पुरस्कार 2026 के लिए नामांकन शुरू: आम नागरिक भी कर सकते हैं नामांकन, जानिए प्रक्रिया!

नई दिल्ली। देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में शामिल पद्म पुरस्कार 2026 के लिए नामांकन प्रक्रिया आज, 15 मार्च 2025 से आधिकारिक रूप से शुरू हो गई है। ये पुरस्कार गणतंत्र दिवस 2026 के अवसर पर घोषित किए जाएंगे और नामांकन/सिफारिशें राष्‍ट्रीय पुरस्‍कार पोर्टल https://awards.gov.in पर ऑनलाइन जमा की जाएंगी। नामांकन की अंतिम तारीख 31 जुलाई 2025 निर्धारित की गई है।

पद्म पुरस्कारों की श्रेणियाँ: पद्म पुरस्कारों में तीन श्रेणियाँ शामिल हैं:

  1. पद्म विभूषण - असाधारण और विशिष्ट सेवा के लिए।
  2. पद्म भूषण - उच्च स्तर की विशिष्ट सेवा के लिए।
  3. पद्म श्री - किसी भी क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवा के लिए।

ये पुरस्कार कला, साहित्य, शिक्षा, खेल, चिकित्सा, समाज सेवा, विज्ञान, लोक कार्य, सिविल सेवा, व्यापार एवं उद्योग सहित सभी क्षेत्रों में उत्कृष्टता और असाधारण उपलब्धियों के लिए प्रदान किए जाते हैं।

कौन कर सकता है नामांकन? जाति, व्यवसाय, पद या लिंग के भेदभाव के बिना सभी नागरिक पद्म पुरस्कारों के लिए पात्र हैं। हालांकि, सरकारी सेवक (सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों में कार्यरत भी शामिल हैं) पद्म पुरस्कारों के पात्र नहीं हैं, सिवाय डॉक्टरों और वैज्ञानिकों के।

सरकार का उद्देश्य: 'पीपल्स पद्म' भारत सरकार ने पद्म पुरस्कारों को 'पीपल्स पद्म' बनाने का संकल्प लिया है। नागरिक स्वयं को भी नामांकित कर सकते हैं और दूसरों की सिफारिश भी कर सकते हैं। विशेषकर महिलाओं, अनुसूचित जातियों, अनुसूचित जनजातियों, दिव्यांग जनों और समाज की सेवा में लगे निस्वार्थ व्यक्तियों के नामांकन को प्रोत्साहित किया जा रहा है।

नामांकन में आवश्यकताएँ: पोर्टल पर उपलब्ध फॉर्मेट में सभी प्रासंगिक विवरण एवं एक विवरणात्मक उद्धरण (अधिकतम 800 शब्द) शामिल होना चाहिए, जिसमें अनुशंसित व्यक्ति की असाधारण उपलब्धियों और सेवाओं का उल्लेख हो।

महत्वपूर्ण लिंक:

अगर आप किसी योग्य व्यक्ति को पद्म पुरस्कार के लिए नामांकित करना चाहते हैं, तो जल्द से जल्द आवेदन करें और देश की उत्कृष्ट प्रतिभाओं को मान्यता दिलाने में अपनी भूमिका निभाएँ।