गोरखपुर में तहसीलदार की गालीबाजी से हंगामा — पेशकार ने इस्तीफा दिया, कर्मचारियों ने दी हड़ताल की चेतावनी

गोरखपुर में तहसीलदार की गालीबाजी से हंगामा — पेशकार ने इस्तीफा दिया, कर्मचारियों ने दी हड़ताल की चेतावनी

नरसिंह यादव, क्राइम रिपोर्टर | कैमरा: कौस्तुभ तिवारी | गोरखपुर, उत्तर प्रदेश

गोरखपुर जिले के खजनी तहसील में एक बार फिर तहसीलदार ध्रुवेश कुमार सिंह की गालीबाजी का मामला सुर्खियों में है। पहले तहसील सदर में पत्रकार को गालियां देकर विवाद में फंसे यह अधिकारी, अब एसडीएम के पेशकार को भद्दी-भद्दी गालियां देने के आरोप में घिर गए हैं। इस घटना से आहत पेशकार ने तत्काल अपने पद से इस्तीफा दे दिया है, जबकि राजस्व विभाग के कर्मचारी हड़ताल की चेतावनी दे रहे हैं।

 घटना का विवरण

घटना 29 जुलाई की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, एसडीएम खजनी के पेशकार सुशील कुमार श्रीवास्तव ने आदेशानुसार एक वाद तहसीलदार के पोर्टल पर भेजा था। इसी बात को लेकर तहसीलदार ध्रुवेश कुमार सिंह ने अपने मुंशी के माध्यम से पेशकार को दफ्तर बुलाया और वहां सबके सामने गालियां देकर बेइज्जत किया।

गालियों का जवाब न देते हुए पेशकार चुपचाप एसडीएम कोर्ट लौट आए, लेकिन तहसीलदार पीछे-पीछे जाकर भी गालियां देते रहे। इस अपमान से आहत होकर सुशील कुमार श्रीवास्तव ने जिलाधिकारी को त्यागपत्र सौंप दिया

त्यागपत्र में दर्द

अपने त्यागपत्र में सुशील कुमार ने लिखा कि वे 1998 से कलेक्ट्रेट में विभिन्न पदों पर सेवा दे रहे हैं और उन्हें कई बार पीठासीन अधिकारियों द्वारा प्रशंसा-पत्र मिल चुका है। लेकिन इस घटना के बाद उनका मनोबल टूट गया है और वे कार्य को पूरे मनोयोग से नहीं कर पाएंगे।

कर्मचारियों का विरोध और चेतावनी

घटना के बाद राजस्व विभाग के कर्मचारी एकजुट हो गए हैं। उनका कहना है कि यदि तहसीलदार पर कार्रवाई नहीं हुई तो पूरे जिले में कार्य बहिष्कार किया जाएगा।

अधिकारियों का बयान

समाचार लिखे जाने तक एसडीएम खजनी राजेश प्रताप सिंह ने बताया कि वे जिला मुख्यालय में हैं और दोपहर बाद पूरे मामले की जानकारी लेंगे। तहसीलदार से इस मामले पर सवाल पूछे जाने पर उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया