नाई समाज कल्याण समिति की बैठक में पूर्व प्रधान खदेरू शर्मा को अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव
संवाददाता शुभम शर्मा बड़हलगंज गोरखपुर
बड़हलगंज। नगर क्षेत्र में नाई समाज को संगठित करने, सामाजिक एकजुटता मजबूत करने और समाज की समस्याओं पर चर्चा के उद्देश्य से नाई समाज कल्याण समिति, लेटाघाट बड़हलगंज की बैठक शुक्रवार को डॉक्टर डीके शर्मा के क्लीनिक परिसर में हुई। बैठक में समाज के वरिष्ठजनों के साथ बड़ी संख्या में युवा सदस्य भी शामिल हुए।
बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष सदानंद शर्मा ने की। उन्होंने व्यस्तता का हवाला देते हुए अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी से मुक्त किए जाने की इच्छा जताई। उन्होंने कहा कि संगठन की जिम्मेदारी ऐसे व्यक्ति को दी जानी चाहिए, जो समाज के लोगों के बीच निरंतर उपलब्ध रहकर संगठन को आगे बढ़ा सके।
इसके बाद वरिष्ठ एवं युवा सदस्यों ने समाज की एकजुटता, आपसी सहयोग, युवाओं की भागीदारी और सामाजिक हित से जुड़े कार्यों को लेकर अपने विचार रखे। संगठन को अधिक सक्रिय और मजबूत बनाने पर भी चर्चा हुई।

बैठक में उपस्थित सदस्यों की सहमति से खैरवा के पूर्व प्रधान खदेरू शर्मा को नाई समाज कल्याण समिति, लेटाघाट बड़हलगंज का अध्यक्ष बनाए जाने का प्रस्ताव रखा गया। वहीं पवन शर्मा को उपाध्यक्ष और राजकुमार शर्मा को कोषाध्यक्ष बनाए जाने का प्रस्ताव सामने आया। हालांकि, इन प्रस्तावों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। समिति की औपचारिक पुष्टि के बाद पदाधिकारियों की अंतिम घोषणा किए जाने की संभावना है।
बैठक को सफल बनाने और समाज के लोगों को एकजुट करने में अनिकेत शर्मा का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उपस्थित सदस्यों ने उनके प्रयासों की सराहना की।
इस अवसर पर गोपेश शर्मा, विनय शर्मा, राजू शर्मा, पीयूष शर्मा, हर्ष शर्मा, आशीष शर्मा, मनोज शर्मा, धीरेंद्र शर्मा, राकेश कुमार शर्मा, ध्रुव शर्मा, विशाल शर्मा, आदित्य शर्मा, मनीष शर्मा सहित नाई समाज के अनेक वरिष्ठ एवं युवा सदस्य मौजूद रहे।
बैठक के अंत में समाज के लोगों ने संगठन को मजबूत बनाने, आपसी मतभेद दूर कर एकजुट होकर कार्य करने तथा जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए आगे आने का संकल्प लिया। सदस्यों ने कहा कि मजबूत संगठन के माध्यम से समाज की समस्याओं को उचित मंच तक पहुंचाने और सामाजिक विकास के कार्यों को गति देने का प्रयास किया जाएगा।







