झंगहा के चर्चित हिस्ट्रीशीटर हरिओम कश्यप उर्फ नाटे की संदिग्ध मौत मामले में दो गिरफ्तार, भेजे गए जेल

झंगहा के चर्चित हिस्ट्रीशीटर हरिओम कश्यप उर्फ नाटे की संदिग्ध मौत मामले में दो गिरफ्तार, भेजे गए जेल

मारपीट के बाद हुई थी मौत, गैर इरादतन हत्या समेत विभिन्न धाराओं में दर्ज है मुकदमा

  • क्राइम संवाददाता- नरसिंह यादव

गोरखपुर। झंगहा थाना क्षेत्र के बौठा गांव निवासी चर्चित हिस्ट्रीशीटर हरिओम कश्यप उर्फ नाटे की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, बौठा गांव निवासी निरंजन कुमार और राम प्रसिद्ध उर्फ दरोगा को बुधवार को क्षेत्र के भगने बंधे के पास से गिरफ्तार किया गया।

बताया जा रहा है कि सोमवार रात हरिओम कश्यप उर्फ नाटे का गांव के कुछ लोगों से विवाद हो गया था, जिसके बाद मारपीट की घटना हुई। घटना में गंभीर रूप से घायल हरिओम को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पत्नी कंचन देवी ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि निरंजन कुमार, राम प्रसिद्ध उर्फ दरोगा सहित कई लोग उनके घर पहुंचे और लाठी-डंडों से उनके पति तथा उनके साथ मारपीट की। उनका आरोप है कि इसी घटना में लगी चोटों के कारण उनके पति की मृत्यु हुई।

पुलिस ने मामले में चार लोगों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। गिरफ्तार दोनों आरोपितों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया, जबकि अन्य आरोपितों की तलाश जारी है।

पहले भी चर्चाओं में रह चुका था हरिओम कश्यप

हरिओम कश्यप उर्फ नाटे का नाम पूर्व में भी कई मामलों को लेकर सुर्खियों में रहा था। जानकारी के अनुसार, कुछ वर्ष पहले वह गगहा थाने की हिरासत से हथकड़ी सहित फरार हो गया था। बाद में पुलिस ने उसे काफी प्रयासों के बाद पुनः गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इस घटना ने उस समय भी पुलिस महकमे में हलचल मचा दी थी।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

हरिओम कश्यप अपने पीछे पत्नी और तीन छोटे बच्चों को छोड़ गया है। परिवार में 10 वर्षीय शिवानी, 7 वर्षीय विराट और 5 वर्षीय कीर्ति हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में भी मामले को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।