ग्लोबल एनर्जी लीडर्स समिट (जीईएलएस) 2025 का लोगो और वेबसाइट लॉन्च — पुरी बनेगा वैश्विक ऊर्जा संवाद का केंद्र
विद्युत राज्य मंत्री श्रीपद नाइक ने किया शुभारंभ, कहा – भारत बनेगा “ऊर्जा परिवर्तन” और “सतत विकास” का अग्रदूत
नई दिल्ली। भारत की ऊर्जा यात्रा को नई दिशा देने वाले प्रतिष्ठित ग्लोबल एनर्जी लीडर्स समिट (GELS) 2025 का लोगो और आधिकारिक वेबसाइट आज नई दिल्ली में लॉन्च किया गया। विद्युत राज्य मंत्री श्री श्रीपद नाइक ने कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए घोषणा की कि यह ऐतिहासिक सम्मेलन 5 से 7 दिसंबर 2025 के बीच ओडिशा के पवित्र शहर पुरी में आयोजित होगा। इस अवसर पर ओडिशा के उपमुख्यमंत्री श्री कनक वर्धन सिंह देव, ऊर्जा विभाग के प्रधान सचिव श्री विशाल देव, आईआईटी कानपुर के प्रोफेसर अनूप सिंह तथा टोनी ब्लेयर इंस्टीट्यूट फॉर ग्लोबल चेंज के कंट्री डायरेक्टर (भारत) श्री विवेक अग्रवाल भी उपस्थित रहे। इस आयोजन का नेतृत्व ओडिशा सरकार द्वारा किया जा रहा है, जो टोनी ब्लेयर इंस्टीट्यूट के सहयोग से ऊर्जा क्षेत्र में वैश्विक नेतृत्व, नवाचार और जलवायु समाधान को बढ़ावा देगा।
भारत की ऊर्जा क्रांति पर बोले श्रीपद नाइक
राज्य मंत्री श्री नाइक ने कहा कि “जीईएलएस 2025 ऊर्जा परिवर्तन, जलवायु नेतृत्व और प्रौद्योगिकी-संचालित परिवर्तन पर एक ऐतिहासिक संवाद की शुरुआत है।”
उन्होंने भारत की तीव्र प्रगति की सराहना करते हुए कहा कि देश आज बिजली उत्पादन, नवीकरणीय ऊर्जा, ट्रांसमिशन क्षमता और डिजिटल आधुनिकीकरण के क्षेत्र में दुनिया के सबसे तेज़ी से बढ़ते ऊर्जा बाजारों में से एक है।
श्री नाइक ने ओडिशा सरकार के योगदान की प्रशंसा करते हुए कहा कि—
“ओडिशा देश का पहला राज्य है जिसने 1990 के दशक में बिजली क्षेत्र में सुधारों की शुरुआत की। राज्य का मॉडल दिखाता है कि विकास, दक्षता और पर्यावरणीय जिम्मेदारी एक साथ चल सकते हैं।”
समिट की थीम और उद्देश्य
जीईएलएस 2025 की थीम है – “सशक्त भारत: पर्याप्तता, संतुलन, नवाचार।”
श्री नाइक ने बताया कि यह थीम प्रधानमंत्री के विज़न के चार स्तंभों — ऊर्जा तक पहुंच, दक्षता, स्थायित्व और सुरक्षा — पर आधारित है। उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन न केवल भारत बल्कि पूरे विश्व के लिए ऊर्जा नेतृत्व और सहयोग का स्थायी मंच बनेगा। श्री नाइक ने विद्युत मंत्रालय और नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय की ओर से पूर्ण समर्थन का आश्वासन देते हुए कहा कि भारत की नेट-जीरो 2070 प्रतिबद्धता को पूरा करने के लिए इस तरह के राज्य-केंद्र सहयोग आधारित मंच अत्यंत आवश्यक हैं।
क्या है जीईएलएस 2025?
ग्लोबल एनर्जी लीडर्स समिट (GELS) 2025 का आयोजन ओडिशा के पुरी में 5 से 7 दिसंबर 2025 तक होगा। इसमें केंद्रीय और राज्य ऊर्जा मंत्री, वैश्विक ऊर्जा कंपनियों के प्रमुख, नवाचारकर्ताओं, और नीति-निर्माताओं की भागीदारी होगी। समिट का उद्देश्य होगा —
-
ऊर्जा के भविष्य को आकार देने वाले वैश्विक संवाद को बढ़ावा देना,
-
राज्यों के बीच ऊर्जा नीति आदान-प्रदान को प्रोत्साहित करना,
-
और अंतरराष्ट्रीय सहयोग के माध्यम से सतत ऊर्जा विकास को गति देना।
समिट से जुड़ी अधिक जानकारी और पंजीकरण के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं: www.gelsodisha2025.com






