भक्ति और उत्साह से गूंजा महराजगंज: भैरव धाम से निकली भव्य शिव बारात, मनमोहक झांकियों ने बांधा समां, सुरक्षा में पुलिस रही मुस्तैद
अजय मिश्र, महराजगंज (आजमगढ़)।
महराजगंज नगर एक बार फिर शिवमय हो उठा, जब नगर स्थित भैरव धाम से भगवान शिव की भव्य और अलौकिक बारात श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ निकाली गई। ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष से पूरा नगर गूंज उठा और वातावरण पूर्णतः भक्तिमय हो गया।

झांकियों ने मोहा सबका मन
शिव बारात में भगवान शिव, माता पार्वती, गणेश, कार्तिकेय सहित विभिन्न देवी-देवताओं की सजीव और आकर्षक झांकियां सजाई गईं। विशेष रूप से शिव तांडव की झांकी और भगवान शिव-पार्वती का नंदी पर विराजमान होकर बारात ले जाने का दृश्य श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहा। छोटे-छोटे बच्चों ने भगवान शिव, नंदी और गणों का रूप धारण कर कार्यक्रम की शोभा में चार चांद लगा दिए। डीजे की मधुर धुनों और भक्ति गीतों पर झूमते शिवभक्तों का उत्साह देखते ही बनता था। नगर के हर मार्ग पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी, जिसने इस धार्मिक आयोजन को जनआस्था के महापर्व में बदल दिया।

नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरी बारात
शिव बारात भैरव धाम से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए बजरंग चौक, पंडित लक्ष्मीकांत चौक और सहदेवगंज चौक के रास्ते थाना परिसर पहुंची, जहां प्रभारी निरीक्षक केदारनाथ मौर्य ने बारातियों का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। इसके बाद बारात पुनः मंदिर परिसर पहुंची, जहां विधिवत आरती और प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया। रास्ते में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर बारात का भव्य स्वागत किया, जिससे पूरा नगर भक्तिरस में डूब गया।

धर्म और संस्कृति का अद्भुत संगम
आदि पुरुष भगवान शिव और आदिशक्ति माता पार्वती के परिणय संस्कार का महापर्व महाशिवरात्रि धर्म, नैतिकता, मानवता और प्रकृति-शक्ति के अद्भुत संगम का प्रतीक है। विवाह समारोह की झांकियों में ब्रह्मा, विष्णु सहित कई देवी-देवताओं की भूमिका में कलाकारों ने जीवंत प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में सम्पन्न हुआ आयोजन
पूरी शिव बारात पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच निकाली गई। नगर के सभी प्रमुख चौक-चौराहों और मार्गों पर पुलिस बल तैनात रहा। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए गए, जिससे आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हो सका। आयोजकों ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी शिव बारात हर्षोल्लास और शांति के साथ सम्पन्न हुई। इस आयोजन ने पूरे नगर में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार कर दिया और आपसी सौहार्द व सांस्कृतिक एकता का संदेश दिया।






