भारत-मिस्र संयुक्त विशेष बल अभ्यास 'साइक्लोन-III' में सामरिक सहयोग और मित्रता की नई मिसाल

भारत-मिस्र संयुक्त विशेष बल अभ्यास 'साइक्लोन-III' में सामरिक सहयोग और मित्रता की नई मिसाल

राजस्थान, 11 फरवरी 2025: भारत और मिस्र के बीच संयुक्त विशेष बल अभ्यास साइक्लोन का तीसरा संस्करण राजस्थान के महाजन फील्ड फायरिंग रेंज में शुरू हो गया। यह प्रतिष्ठित अभ्यास 10 फरवरी से 23 फरवरी 2025 तक जारी रहेगा और दोनों देशों के बीच सैन्य सहयोग को नई ऊँचाई देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।अभ्यास साइक्लोन भारत और मिस्र के बीच एक वार्षिक कार्यक्रम है, जो बारी-बारी से दोनों देशों में आयोजित किया जाता है। इस बार भारतीय दल में 25 विशेष बल जवान और मिस्र के दल में भी 25 जवान शामिल हैं, जो अपने-अपने देशों के विशेष बल बटालियनों और टास्क फोर्स का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। इस अभ्यास का प्रमुख उद्देश्य दोनों देशों के बीच अंतर-संचालन क्षमता को बढ़ाना, संयुक्त विशेष संचालन रणनीतियों का आदान-प्रदान करना और शारीरिक तंदुरूस्ती और सामरिक योजनाओं में बेहतर सहयोग को सुनिश्चित करना है। इस दौरान, उन्नत विशेष बल कौशल, आतंकवाद विरोधी रणनीतियाँ और सैन्य तकनीकों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

अभ्यास के समापन पर 48 घंटे लंबा सत्यापन अभ्यास किया जाएगा, जिसमें रेगिस्तान और अर्ध-रेगिस्तानी इलाकों में आतंकवाद विरोधी अभियानों के लिए सामरिक रणनीतियाँ परखी जाएंगी। साथ ही, मिस्र द्वारा स्वदेशी सैन्य उपकरणों का प्रदर्शन और रक्षा उद्योग का अवलोकन भी किया जाएगा।यह अभ्यास न केवल दोनों देशों के बीच सामरिक सहयोग को मजबूत करता है, बल्कि सैनिकों के बीच सौहार्द और मित्रता का निर्माण भी करता है। ‘साइक्लोन-III’ अभ्यास दोनों देशों के सैन्य संबंधों को और भी प्रगाढ़ बनाने में सहायक सिद्ध होगा।