खुशियों में चली गोली, डीजे ऑपरेटर की मौत: गगहा के पांडेयपार में हर्ष फायरिंग से मातम
क्राइम रिपोर्टर, गोरखपुर (उत्तर प्रदेश)।
गोरखपुर जनपद के गगहा थाना क्षेत्र के पांडेयपार गांव में शनिवार रात शादी की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब हर्ष फायरिंग के दौरान चली गोली से 18 वर्षीय डीजे ऑपरेटर छोटू की मौत हो गई। देखते ही देखते जश्न का माहौल चीख-पुकार और अफरा-तफरी में बदल गया।

बारात में चली गोलियां, सिर में लगी गोली
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कौड़ीराम निवासी सुभ्रांस कसौधन की बारात पांडेयपार स्थित बलुआ बाबा मंदिर के समीप एक मैरेज हॉल में आई थी। बारात में कुछ लोगों द्वारा हर्ष फायरिंग की जा रही थी। इसी दौरान गौशाला गोला निवासी डीजे ऑपरेटर छोटू (18) के सिर में गोली जा लगी। गोली लगते ही वह मौके पर ही गिर पड़ा। घटना के बाद मौजूद लोगों ने घायल छोटू को तत्काल सरकारी अस्पताल कौड़ीराम पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल गोरखपुर रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

‘दो गोलियां हवा में, तीसरी बनी जानलेवा’
सूत्रों के मुताबिक, एक सिरफिरे युवक ने पहले दो गोलियां हवा में दागीं। तीसरी गोली चलाते समय संतुलन बिगड़ने से वह सीधे डीजे ऑपरेटर के सिर में जा लगी। गोली चलने की आवाज के साथ ही मौके पर भगदड़ मच गई। बाराती और स्थानीय लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। बताया जा रहा है कि लड़की पक्ष फरीदाबाद से आया था। घटना के बाद कुछ देर के लिए पूरा विवाह समारोह ठहर गया।
पुलिस जांच में जुटी, संदिग्ध हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने शादी समारोह को आगे बढ़वाया, ताकि कानून-व्यवस्था प्रभावित न हो।एसपी साउथ दिनेश पूरी ने बताया कि कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है और सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हर्ष फायरिंग फिर बनी काल
गौरतलब है कि शादी-विवाह जैसे आयोजनों में हर्ष फायरिंग की घटनाएं लगातार जानलेवा साबित हो रही हैं। प्रशासन द्वारा सख्ती के बावजूद इस कुप्रथा पर पूरी तरह लगाम नहीं लग पाई है। पांडेयपार की यह घटना एक बार फिर सवाल खड़ा करती है—क्या क्षणिक दिखावा किसी की जिंदगी से ज्यादा महत्वपूर्ण है? गगहा क्षेत्र में इस घटना के बाद शोक की लहर है। एक युवा की असमय मौत ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं।






