श्रद्धा और शांति के रंग में रंगेगा बड़हलगंज का दुर्गा महोत्सव, अराजक तत्वों पर प्रशासन की कड़ी निगरानी

- आर.वी.9 न्यूज़ | संवाददाता, शुभम शर्मा
बड़हलगंज, गोरखपुर
बड़हलगंज में इस बार दुर्गा पूजा और दशहरा का पर्व श्रद्धा, आस्था और शांति के साथ मनाने की तैयारियां जोरों पर हैं। नगर पंचायत के स्व. विश्वनाथ उमर सभागार में सोमवार को आयोजित बैठक में उपजिलाधिकारी गोला अमित जायसवाल ने दुर्गा पूजा कमेटियों के पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए साफ कहा कि “त्योहार हमारी आस्था और परंपरा का प्रतीक हैं, इन्हें शांति और श्रद्धा से मनाएं। अराजक तत्वों पर प्रशासन की पूरी नजर है, किसी को भी माहौल बिगाड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी।”
प्रशासनिक निर्देश और अपील
बैठक में उपजिलाधिकारी ने कहा कि दुर्गा पूजा और दशहरा बुराई पर अच्छाई की विजय का पर्व है। इसलिए किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि बर्दाश्त नहीं होगी।
-
दुर्गा पंडालों पर बालू की रेत और पानी की व्यवस्था अनिवार्य रूप से करने के निर्देश दिए गए।
-
नगर पंचायत को स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी गई।
-
आयोजकों ने बिजली विभाग से विसर्जन रूट पर आने वाले झूलते तारों को ऊपर करने और पूरे रात निर्बाध बिजली आपूर्ति की मांग रखी।
समाज और श्रद्धालुओं की भूमिका
चेयरमैन प्रतिनिधि महेश उमर ने सभी कमेटियों के सदस्यों से अपील की कि वे त्योहार को शांति और भाईचारे के साथ मनाएं। मूर्ति विसर्जन पूरी श्रद्धा और अनुशासन के साथ किया जाए, जिससे समाज में “शांति, सौहार्द और आस्था का संदेश” जाए।
उपस्थित लोग
बैठक में लेखपाल अरविंद विश्वकर्मा, मंजेश कुमार, लिपिक सुनील कुमार, सभासद दीपक शर्मा, श्रीनिवास सोनी, राजू गुप्ता, अमरनाथ उमर, शुभम जायसवाल, अनिकेत, हरिकेश यादव, अनूप जायसवाल, बृजेश उमर, परमात्मा पटवा, संजय मौर्या, नवनीत वर्मा और सन्नी सोनकर समेत बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
बड़हलगंज में दुर्गा पूजा और दशहरा का यह पर्व सिर्फ धार्मिक उत्सव नहीं, बल्कि सामाजिक सौहार्द और सांस्कृतिक विरासत का उत्सव भी है। प्रशासन की सतर्कता और समिति की तैयारियों से यह उम्मीद है कि इस बार का महोत्सव पूरी गरिमा, शांति और आस्था के साथ इतिहास में दर्ज होगा।