जयपुर में फिर दौड़ी मौत की रफ्तार: तेज रफ्तार डंपर ने युवक को 100 मीटर तक घसीटा, शरीर के हो गए तीन टुकड़े

जयपुर में फिर दौड़ी मौत की रफ्तार: तेज रफ्तार डंपर ने युवक को 100 मीटर तक घसीटा, शरीर के हो गए तीन टुकड़े
  • हरमाड़ा के भयावह हादसे के दो दिन बाद फिर सड़कों पर बजरी माफियाओं का कहर, दो शराबी डंपर चालकों की गिरफ्तारी

जयपुर, राजस्थान।
राजधानी जयपुर एक बार फिर तेज रफ्तार डंपर की दहशत से दहल उठा। बुधवार को जयपुर-भीलवाड़ा मेगा हाईवे पर फागी कोर्ट के सामने हुई भयावह दुर्घटना में लदाना गांव के 30 वर्षीय गणेश माली की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वह सड़क पार कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार से आ रहे बजरी से लदे डंपर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डंपर ने गणेश को करीब 100 मीटर तक घसीटते हुए सड़क पर घसीटा, जिससे उनका शरीर बुरी तरह पिस गया और तीन टुकड़ों में बिखर गया। हादसे का दृश्य इतना वीभत्स था कि मौके पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। लोग सहायता के लिए दौड़े, लेकिन तब तक गणेश की सांसें थम चुकी थीं। घटना के बाद चालक ने भागने की कोशिश की, लेकिन भीड़ ने घेरकर उसे पकड़ लिया। फागी थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शव को एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया और डंपर को जब्त करते हुए आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया।

इसी दिन सिरसी गांव के पास भी एक और हादसा टलते-टलते बचा। यहां शराब के नशे में धुत एक डंपर चालक ने टेम्पो को जोरदार टक्कर मारी। संयोग से बड़ा हादसा टल गया, लेकिन जब लोगों ने ड्राइवर को पकड़ा तो वह भी नशे में पाया गया। डंपर से शराब की बोतलें भी बरामद हुईं। बिंदायका थाना पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर वाहन को कब्जे में ले लिया। यह कोई पहली बार नहीं है जब जयपुर की सड़कों पर डंपर ने मौत का खेल खेला हो। दो दिन पहले हरमाड़ा थाना क्षेत्र के लोहामंडी रोड पर हुए भयावह हादसे में एक शराबी डंपर चालक ने पहले एक कार को, फिर चार अन्य वाहनों को टक्कर मार दी थी। इस हादसे में 14 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी, जबकि 40 से अधिक लोग घायल हुए थे।

लगातार हो रही इन दुर्घटनाओं ने एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है— क्या राजस्थान की सड़कों पर "बजरी माफिया" अब मौत बनकर दौड़ रहे हैं?

जयपुर और आसपास के क्षेत्रों में बिना नियंत्रण के दौड़ रहे ये भारी वाहन न केवल ट्रैफिक व्यवस्था को बिगाड़ रहे हैं, बल्कि रोजाना किसी न किसी घर का चिराग बुझा रहे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे नशे में वाहन चलाने वाले चालकों और अवैध बजरी परिवहन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि सड़कों पर मौत की यह रफ्तार थम सके।

“हर दिन कोई न कोई परिवार उजड़ रहा है। हमें डर लगने लगा है सड़क पार करने से भी।”
—स्थानीय नागरिक, फागी

जयपुर पुलिस ने दोनों मामलों में चालकों को गिरफ्तार कर लिया है और कहा है कि शराब पीकर वाहन चलाने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।